एसबीआई एटीएम सुरक्षा गार्डों ने रोजगार बचाने की लगाई गुहार, बन्ना गुप्ता से की मुलाकात

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

जमशेदपुर, 1 जून : स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एटीएम में कार्यरत सुरक्षा गार्डों का एक प्रतिनिधिमंडल सोमवार को पूर्व मंत्री एवं वरिष्ठ कांग्रेस नेता बन्ना गुप्ता से उनके आवासीय कार्यालय में मिला। प्रतिनिधिमंडल ने एटीएम सुरक्षा गार्डों को कार्य से हटाए जाने की प्रक्रिया पर चिंता जताते हुए रोजगार बचाने की मांग की।

गार्डों ने बताया कि वे वर्षों से बैंक के विभिन्न एटीएम केंद्रों में सुरक्षा की जिम्मेदारी निभाते आ रहे हैं, लेकिन हाल के दिनों में उन्हें अचानक हटाने की कार्रवाई की जा रही है। इससे सैकड़ों परिवारों के समक्ष आजीविका का संकट उत्पन्न हो गया है। उन्होंने कहा कि बिना किसी वैकल्पिक व्यवस्था या पुनर्वास के इस प्रकार की कार्रवाई श्रमिकों के साथ अन्याय है।

प्रतिनिधिमंडल की बात सुनने के बाद बन्ना गुप्ता ने मामले को गंभीर बताते हुए एसबीआई के क्षेत्रीय प्रबंधक भूषण कुमार से दूरभाष पर बातचीत की। उन्होंने बैंक प्रबंधन से मानवीय दृष्टिकोण अपनाने तथा सुरक्षा गार्डों की समस्याओं पर संवेदनशीलता के साथ विचार करने का आग्रह किया।

बन्ना गुप्ता ने कहा कि लंबे समय से सेवा दे रहे सुरक्षा कर्मियों की आजीविका से जुड़ा यह विषय अत्यंत महत्वपूर्ण है। किसी भी निर्णय से पहले उनके परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक परिस्थितियों को ध्यान में रखा जाना चाहिए। उन्होंने गार्डों को आश्वस्त किया कि उनके रोजगार और हितों की रक्षा के लिए हरसंभव प्रयास किया जाएगा तथा आवश्यकता पड़ने पर इस मुद्दे को उच्च स्तर पर भी उठाया जाएगा।
प्रतिनिधिमंडल ने त्वरित हस्तक्षेप और समर्थन के लिए बन्ना गुप्ता का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि बैंक प्रबंधन उनकी मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेगा।

Share This Article