कचड़ा फल चुनने गई बुजुर्ग महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, गांव में दहशत – आरोपी युवक गिरफ्तार

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

कचड़ा फल चुनने गई बुजुर्ग महिला की पत्थर से कुचलकर हत्या, गांव में दहशत – आरोपी युवक गिरफ्तार

जमशेदपुर, 01 जून : पूर्वी सिंहभूम जिले के कोवाली थाना क्षेत्र में सोमवार सुबह एक दर्दनाक घटना ने पूरे गांव को झकझोर कर रख दिया। महुआ का फल (कचड़ा फल) चुनने घर से निकली 65 वर्षीय बुजुर्ग महिला की एक युवक ने पत्थर से कुचलकर हत्या कर दी। घटना के बाद गांव में भय और शोक का माहौल है।
मृतका की पहचान बुस्की मुर्मू के रूप में हुई है। वहीं, पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्या के आरोपी राम सरदार को गिरफ्तार कर लिया है। बताया जा रहा है कि आरोपी मानसिक रूप से अस्वस्थ बताया जाता है।
जानकारी के अनुसार, बुस्की मुर्मू सोमवार सुबह रोज की तरह गांव के समीप स्थित महुआ पेड़ के नीचे गिरे फल (कोचड़ा) चुनने गई थीं। इसी दौरान गांव का ही राम सरदार वहां पहुंचा और अचानक उन पर हमला कर दिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, युवक ने पास में पड़े एक बड़े पत्थर से महिला के सिर पर कई वार किए। हमले की गंभीरता इतनी थी कि बुजुर्ग महिला ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण बड़ी संख्या में घटनास्थल पर जुट गए। दिनदहाड़े हुई इस निर्मम हत्या से ग्रामीणों में दहशत फैल गई। लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद कोवाली थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस ने मामले में तेजी दिखाते हुए आरोपी राम सरदार को हिरासत में ले लिया। प्रारंभिक जांच में आरोपी की मानसिक स्थिति को लेकर भी जानकारी जुटाई जा रही है। पुलिस हत्या के पीछे के वास्तविक कारणों की पड़ताल कर रही है।
गांव के लोगों का कहना है कि बुस्की मुर्मू शांत स्वभाव की महिला थीं और उनका किसी से कोई विवाद नहीं था। ऐसे में उनकी हत्या की खबर से पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और आरोपी से पूछताछ कर रही है।

Share This Article