
उपायुक्त राजीव रंजन ने अवैध खनन और परिवहन पर रोक लगाने के लिए नियमित जांच व छापेमारी अभियान चलाने का दिया निर्देश
जमशेदपुर, 26 अक्टूबर : पूर्वी सिंहभूम जिले में अवैध खनन, खनिजों के अवैध परिवहन और भंडारण के खिलाफ जिला प्रशासन ने कार्रवाई तेज करने का निर्देश दिया है। सोमवार को समाहरणालय सभागार में जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन की अध्यक्षता में जिला खनन टास्क फोर्स की बैठक हुई। इसमें अवैध खनन के विरुद्ध की जा रही कार्रवाई की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को नियमित जांच अभियान चलाने और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया।
बैठक में दी गई जानकारी के अनुसार, 19 सितंबर से 25 अक्टूबर 2026 तक अवैध खनन और खनिजों के अवैध परिवहन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कुल 14 वाहनों को जब्त किया गया। इनमें 10 हाइवा, एक ट्रैक्टर, एक ट्रक, एक टाटा 407 और एक टाटा ऐस वाहन शामिल हैं। इस दौरान 520.8 टन बालू और 260 टन पत्थर भी जब्त किए गए।
बैठक में जिले में बालू के भंडारण की स्थिति की भी समीक्षा की गई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में पंजीकृत बालू डीलरों के स्टॉक में कुल 9,68,905.52 टन बालू उपलब्ध है। इसमें गुड़ाबांदा प्रखंड के सात, बहरागोड़ा प्रखंड के दो और धालभूमगढ़ प्रखंड के एक पंजीकृत डीलर शामिल हैं।
उपायुक्त ने अधिकारियों को बालू समेत अन्य खनिजों के अवैध उत्खनन, परिवहन और भंडारण पर लगातार निगरानी रखने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभाग आपसी समन्वय के साथ नियमित जांच और छापेमारी अभियान चलाएं। अवैध गतिविधियों की सूचना मिलने पर त्वरित कार्रवाई की जाए।
उन्होंने खनिजों के वैध भंडारण और परिवहन से संबंधित दस्तावेजों की जांच करने तथा निर्धारित नियमों का पालन सुनिश्चित कराने पर भी जोर दिया।
बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक डॉ. ऐहतेशाम वकारिब, वन प्रमंडल पदाधिकारी सबा आलम अंसारी, धालभूम के एसडीएम अर्णव मिश्रा, एडीएम (विधि-व्यवस्था), जिला परिवहन पदाधिकारी, घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी, जिला खनन पदाधिकारी समेत संबंधित विभागों एवं एजेंसियों के प्रतिनिधि उपस्थित थे। सभी अंचल अधिकारी और थाना प्रभारी ऑनलाइन माध्यम से बैठक में शामिल हुए।



