बड़ी खबर – पहाड़ी में छिपा था बारूद का जखीरा, सरायकेला-खरसावां और चाईबासा पुलिस का संयुक्त सर्च ऑपरेशन सफल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

बड़ी खबर – पहाड़ी में छिपा था बारूद का जखीरा, सरायकेला-खरसावां और चाईबासा पुलिस का संयुक्त सर्च ऑपरेशन सफल

60 किलो अमोनियम नाइट्रेट किया गया नष्ट

चाईबासा/सरायकेला-खरसावां, संवाददाता,31 जुलाई : प्रतिबंधित भाकपा (माओवादी) संगठन की एक बड़ी साजिश को सरायकेला-खरसावां पुलिस और सुरक्षा बलों ने विफल कर दिया। गुप्त सूचना के आधार पर कुचाई थाना क्षेत्र के दलभंगा ओपी अंतर्गत मासीबेरा गांव के पास पहाड़ी इलाके में छिपाकर रखे गए भारी मात्रा में विस्फोटक पदार्थ को बरामद कर सुरक्षा के दृष्टिकोण से मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

सरायकेला-खरसावां के पुलिस अधीक्षक को सूचना मिली थी कि माओवादी उग्रवादियों ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने के उद्देश्य से वर्षों पूर्व मासीबेरा हिल क्षेत्र के जंगली-पहाड़ी इलाके में गोला-बारूद छिपा रखा है। इस सूचना के आधार पर सरायकेला-खरसावां पुलिस के नेतृत्व में चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ और एसएसबी के जवानों के साथ एक संयुक्त सर्च अभियान चलाया गया।

सर्च अभियान के दौरान पहाड़ी क्षेत्र में एक ब्लू रंग के प्लास्टिक कंटेनर से 20 किलोग्राम और एक बड़े स्टील कंटेनर से 40 किलोग्राम अमोनियम नाइट्रेट पाउडर बरामद हुआ। इसके साथ ही 10 पैकेट वैसलीन पेट्रोलियम जैली (प्रत्येक 42 ग्राम) भी बरामद किए गए। यह सभी सामग्री विस्फोटक बनाने में उपयोग की जाती है।

बम निरोधक दस्ते की सहायता से पूरे विस्फोटक सामाग्री को मौके पर ही सुरक्षित ढंग से नष्ट किया गया। पुलिस ने बताया कि इस मामले में अग्रेतर विधिसम्मत कार्रवाई जारी है।

संयुक्त अभियान दल में सरायकेला-खरसावां पुलिस, चाईबासा पुलिस, झारखंड जगुआर, सीआरपीएफ, एसएसबी के बल शामिल थे।

इस कार्रवाई को सुरक्षा बलों की बड़ी सफलता के रूप में देखा जा रहा है, जिससे एक संभावित बड़ी घटना को टाल दिया गया है। स्थानीय प्रशासन ने क्षेत्रवासियों से सतर्क रहने और किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की है।

Share This Article