जमशेदपुर, 24 मार्च : शहर में नशीले पदार्थों की सप्लाई के खिलाफ चलाए जा रहे पुलिस के विशेष अभियान “ऑपरेशन प्रहार” के तहत एक बड़ी कार्रवाई में पुलिस ने बस के माध्यम से लाई जा रही नशे की खेप को पकड़कर तस्करी के नेटवर्क पर करारा प्रहार किया है। मिली जानकारी के अनुसार, सोमवार देर रात करीब 1:30 बजे पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि कोलकाता से आ रही एक बस के जरिए जमशेदपुर में नशीली कफ सिरप की सप्लाई की जा रही है। सूचना मिलते ही वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर डीएसपी पटमदा के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस टीम ने शंकोसाई रोड नंबर-04 के पास घेराबंदी कर एक संदिग्ध युवक को हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके पास मौजूद लाल रंग के ट्रॉली बैग से WINCEREX ब्रांड की 100 एमएल की 120 बोतल नशीली कफ सिरप बरामद की गई। जब्त दवाओं की अनुमानित कीमत करीब 90 हजार रुपये बताई जा रही है। प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि बरामद कफ सिरप का उपयोग नशे के रूप में किया जाता है और यह युवाओं में तेजी से लत पैदा करने वाली श्रेणी में आती है। पुलिस का मानना है कि आरोपी शहर में एक संगठित नेटवर्क के तहत इसकी सप्लाई करने की तैयारी में था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान जीशान अहमद (30 वर्ष), जवाहर नगर, मानगो निवासी के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है तथा इस नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश भी तेज कर दी गई है। इस कार्रवाई में डीएसपी बचन देव कुजूर, ओलिडीह ओपी प्रभारी मो. शारिक अली समेत पुलिस टीम के कई अधिकारी और जवान शामिल रहे। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि “ऑपरेशन प्रहार” के तहत शहर में नशे के कारोबार के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस तरह की गतिविधियों में शामिल लोगों को किसी भी सूरत में बख्शा नहीं जाएगा।