श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया मां विपदतारिणी महाव्रत, प्राचीन दुर्गा व काली मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

श्रद्धा और आस्था के साथ मनाया गया मां विपदतारिणी महाव्रत, प्राचीन दुर्गा व काली मंदिरों में उमड़ी श्रद्धालुओं की भीड़

चांडिल, 21 जुलाई: चांडिल अनुमंडल समेत आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों में शनिवार को श्रद्धा, आस्था और भक्ति के वातावरण में मां विपदतारिणी महाव्रत मनाया गया। सुबह से ही चांडिल, पटमदा, बोड़ाम, बलरामपुर, पुरुलिया, बाघमुंडी, सरायकेला, कांड्रा, गम्हरिया सहित विभिन्न क्षेत्रों के दुर्गा मंदिरों में श्रद्धालुओं, विशेषकर महिलाओं की लंबी कतारें लगी रहीं। महिलाओं ने निर्जला व्रत रखकर परिवार की सुख-समृद्धि, दीर्घायु, निरोगी जीवन और सभी प्रकार के संकटों से रक्षा की कामना के साथ मां विपदतारिणी की विधि-विधान से पूजा-अर्चना की।

धार्मिक मान्यता के अनुसार मां विपदतारिणी अपने भक्तों को हर प्रकार की विपत्ति और संकट से रक्षा प्रदान करती हैं। इसी अटूट विश्वास के साथ महिलाओं ने पूरे श्रद्धाभाव से पूजा संपन्न की। बांग्ला पंचांग के अनुसार सावन माह के पहले शनिवार और मंगलवार को मनाया जाने वाला यह महाव्रत विशेष धार्मिक महत्व रखता है।

पूजा के दौरान श्रद्धालुओं ने मां को 13 प्रकार के फल, 13 प्रकार के पुष्प तथा 13 प्रकार के मिष्ठान अर्पित किए। इसके साथ ही 13 गांठों वाला पवित्र रक्षा सूत्र तैयार कर परिवार के सदस्यों की कलाई में बांधा गया। मान्यता है कि यह रक्षा सूत्र परिवार को संकटों से बचाने के साथ सुख, समृद्धि और मंगल का प्रतीक होता है।

चांडिल स्टेशन स्थित सार्वजनिक दुर्गा मंदिर तथा डाक बंगला परिसर के प्राचीन दुर्गा मंदिर में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर परिसर में वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पुरोहितों ने विधिवत पूजा-अर्चना कराई तथा श्रद्धालुओं को मां विपदतारिणी की पावन कथा का श्रवण कराया।

पूजा के दौरान महिलाओं ने परिवार की खुशहाली, सुख-शांति, आरोग्य और जीवन के सभी संकटों से रक्षा की प्रार्थना की। पूरे क्षेत्र में धार्मिक उल्लास का माहौल बना रहा। मंदिरों में जय माता दी और मां विपदतारिणी के जयकारों से वातावरण भक्तिमय हो उठा। श्रद्धालुओं ने विश्वास व्यक्त किया कि मां की कृपा से जीवन की हर विपत्ति दूर होती है तथा परिवार में सुख, शांति और समृद्धि का वास बना रहता है।

Share This Article