चौका थाना झारखंड में नंबर -1, राष्ट्रीय रैंकिंग में चौथे स्थान पर

सरायकेला, 27 दिसंबर : गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा जारी “Ranking of Police Stations 2025” वार्षिक रिपोर्ट में सरायकेला-खरसावां जिला के चौका थाना ने पूरे देश में चौथा स्थान प्राप्त कर जिले व राज्य का नाम रोशन किया है। इसके साथ ही चौका थाना को झारखंड का सर्वश्रेष्ठ थाना घोषित किया गया है।
गृह मंत्रालय द्वारा हर वर्ष देशभर के पुलिस थानों का स्वतंत्र एजेंसी से सर्वे कर रैंकिंग जारी की जाती है। इस सर्वे में थानों का मूल्यांकन CCTNS डाटाबेस, अपराध नियंत्रण, महिलाओं एवं कमजोर वर्गों के विरुद्ध अपराधों की स्थिति, मामलों के निष्पादन व चार्जशीटिंग, थाना का बुनियादी ढांचा, नागरिकों की प्रतिक्रिया, स्वच्छता, आईटी व डिजिटल संसाधन, फोरेंसिक सुविधा, पुलिस संचार तथा आमजन से व्यवहार जैसे अनेक मानकों पर किया जाता है।
वर्ष 2025 के लिए किए गए इस व्यापक सर्वेक्षण के बाद हाल ही में रायपुर में आयोजित DGsP/IGsP कॉन्फ्रेंस में राष्ट्रीय रैंकिंग की घोषणा की गई, जिसमें देश के 18 हजार से अधिक थानों में से चौका थाना ने चौथा स्थान हासिल किया।
इस उपलब्धि पर पुलिस अधीक्षक मुकेश कुमार लुणायत ने चौका थाना के तत्कालीन थाना प्रभारी बजरंग महतो सहित सभी पुलिस पदाधिकारियों व कर्मियों को बधाई दी। उन्होंने कहा कि यह सफलता सरायकेला-खरसावां पुलिस के अनुशासन, कड़ी मेहनत और “सेवा ही लक्ष्य” के प्रति प्रतिबद्धता का परिणाम है।



