मानगो में ‘जनविश्वास की जीत’ — मेयर सुधा गुप्ता का आभार जुलूस बना लोकतंत्र का उत्सव

जमशेदपुर, 28 फरवरी : मानगो नगर निगम चुनाव में ऐतिहासिक विजय के बाद मानगो नगर निगम से प्रथम नवनिर्वाचित मेयर सुधा गुप्ता ने शनिवार को भव्य विजय जुलूस सह आभार यात्रा निकालकर जनता के प्रति कृतज्ञता व्यक्त की। यह जुलूस शक्ति प्रदर्शन से अधिक जनआशीर्वाद का उत्सव नजर आया, जिसमें हजारों की संख्या में महिलाएं, युवा, बुजुर्ग और विभिन्न सामाजिक वर्गों के लोग शामिल हुए।
डिमना अविनाश नगर से शुरू हुई आभार यात्रा का नेतृत्व उपेंद्र सिंह मस्तान ने किया। खुली जिप्सी में मेयर सुधा गुप्ता के साथ पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता भी मौजूद रहे। ढोल-नगाड़ों की गूंज, पुष्पवर्षा और “सुधा-बन्ना जिंदाबाद” के नारों से पूरा मानगो क्षेत्र गूंज उठा।
आभार यात्रा के दौरान धार्मिक स्थलों पर पूजा-अर्चना कर जनसेवा के संकल्प को दोहराया गया। शिरोमन नगर स्थित भगवान शिव मंदिर, मानगो का बड़ा हनुमान मंदिर, पारडीह काली मंदिर, साकची शिव मंदिर तथा कदमा रणकनी मंदिर में दर्शन-पूजन कर आशीर्वाद लिया गया। जुलूस अंततः कदमा आवास पर जाकर संपन्न हुआ।
जनता को संबोधित करते हुए मेयर सुधा गुप्ता ने कहा,
“यह विजय किसी एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि मानगो की हर माँ-बहन, हर युवा, हर बुजुर्ग और हर मेहनतकश नागरिक की जीत है। आपने जो विश्वास जताया है, उसे विकास, पारदर्शिता और सेवा के माध्यम से सार्थक करना मेरी प्राथमिकता होगी।”
उन्होंने स्पष्ट किया कि यह यात्रा राजनीतिक प्रदर्शन नहीं, बल्कि आभार व्यक्त करने का अवसर है। नगर निगम के प्रत्येक वार्ड में समान विकास, महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं के रोजगार और जनसमस्याओं के त्वरित समाधान को उन्होंने अपनी प्राथमिकता बताया।
पूर्व मंत्री बन्ना गुप्ता ने भी कार्यकर्ताओं और समर्थकों को धन्यवाद देते हुए कहा कि विकास ही चुनाव का मुख्य मुद्दा था, जिसे जनता ने स्वीकार किया। उन्होंने विश्वास जताया कि सुधा गुप्ता के नेतृत्व में “बेहतर और ग्रेटर मानगो” का निर्माण तेज गति से होगा।
पूरा विजय जुलूस शांतिपूर्ण और अनुशासित ढंग से संपन्न हुआ, जिसमें प्रशासन का सहयोग सराहनीय रहा।
मानगो की सड़कों पर उमड़ा जनसैलाब यह संकेत दे गया कि यह जीत केवल चुनावी परिणाम नहीं, बल्कि जनविश्वास का स्पष्ट जनादेश है।



