लाठीचार्ज के विरोध में छात्र आजसू का उग्र प्रदर्शन, मुख्यमंत्री का पुतला दहन

रांची, 17 मार्च : अखिल झारखंड छात्र संघ (छात्र आजसू) ने झारखंड विधानसभा के समक्ष छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में मंगलवार को राज्यव्यापी प्रदर्शन किया। राजधानी रांची में संगठन के बैनर तले छात्रों ने विरोध मार्च निकालकर राज्य सरकार के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की और मुख्यमंत्री का पुतला दहन किया।
छात्र आजसू का विरोध मार्च रांची विश्वविद्यालय के मुख्य द्वार से शुरू होकर अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंचा। यहां प्रदर्शनकारियों ने लाठीचार्ज की घटना को छात्र अधिकारों का दमन बताते हुए मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन का पुतला फूंका और सरकार के खिलाफ आक्रोश जताया।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष ओम वर्मा ने कहा कि JTET परीक्षा आयोजित कराने की मांग को लेकर शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे छात्रों पर लाठीचार्ज करना बेहद दुर्भाग्यपूर्ण और निंदनीय है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार के इशारे पर पुलिस प्रशासन छात्रों की आवाज को दबाने का प्रयास कर रहा है।
उन्होंने मांग की कि लाठीचार्ज के दोषी पुलिस अधिकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की जाए तथा JTET परीक्षा अविलंब आयोजित की जाए। चेतावनी देते हुए कहा कि यदि मांगें नहीं मानी गईं तो छात्र आजसू चरणबद्ध आंदोलन के लिए बाध्य होगी।
इस विरोध प्रदर्शन में पार्टी के कई पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हुए, जिनमें संजय मेहता, ऋतुराज शाहदेव, परवाज खान, पार्थ परितोष, चेतन प्रकाश, राजकिशोर महतो, अमित यादव, अनुष्का सिन्हा, किरण कुमारी सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं मौजूद थे।



