नशा मुक्त समाज की दिशा में जिला प्रशासन की पहल, जागरूकता रथ रवाना कर दिलाई गई शपथ
सरायकेला, 15 जून : निषिद्ध मादक पदार्थों के दुरुपयोग और अवैध व्यापार के खिलाफ चलाए जा रहे राज्यव्यापी जागरूकता अभियान के तहत सरायकेला-खरसावां जिला प्रशासन ने सोमवार को समाहरणालय परिसर से नशामुक्ति जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान अधिकारियों, कर्मचारियों, आंगनबाड़ी सेविकाओं और सहियाओं को नशे से दूर रहने तथा समाज को नशामुक्त बनाने की शपथ भी दिलाई गई।
कार्यक्रम में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह, उप विकास आयुक्त रीना हांसदा और जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर सहित कई पदाधिकारी मौजूद रहे। इस अवसर पर नशामुक्ति संबंधी हस्ताक्षर अभियान भी चलाया गया, जिसमें उपस्थित लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया।
उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने कहा कि मादक पदार्थों का बढ़ता दुरुपयोग समाज, विशेषकर युवाओं के भविष्य के लिए गंभीर चुनौती बनता जा रहा है। उन्होंने कहा कि नशामुक्त समाज का निर्माण केवल प्रशासनिक प्रयासों से संभव नहीं है, बल्कि इसके लिए समाज के हर वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से अपने परिवार, मित्रों और आसपास के लोगों को नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित करने की अपील की।
उन्होंने कहा कि युवा किसी भी राष्ट्र की सबसे बड़ी शक्ति होते हैं और उनकी सकारात्मक ऊर्जा को सही दिशा देकर ही स्वस्थ एवं सशक्त समाज का निर्माण किया जा सकता है। ऐसे में युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखकर रचनात्मक गतिविधियों से जोड़ना समय की आवश्यकता है।
उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने कहा कि नशे की समस्या केवल व्यक्ति विशेष तक सीमित नहीं रहती, बल्कि इसका प्रभाव पूरे परिवार और समाज पर पड़ता है। उन्होंने आंगनबाड़ी सेविकाओं, सहियाओं और सामुदायिक स्तर पर कार्यरत कर्मियों से अपने-अपने क्षेत्रों में लोगों को नशीले पदार्थों के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया। उन्होंने नशा मुक्त झारखंड अभियान को जन-आंदोलन का रूप देने पर जोर दिया।
जिला समाज कल्याण पदाधिकारी सत्या ठाकुर ने बताया कि जागरूकता रथ जिले के विभिन्न प्रखंडों, गांवों और शैक्षणिक संस्थानों का भ्रमण करेगा। इस दौरान लोगों को मादक पदार्थों के सेवन से होने वाले शारीरिक, मानसिक, सामाजिक और आर्थिक नुकसान की जानकारी दी जाएगी। साथ ही युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने और नशे से दूर रहने के लिए प्रेरित किया जाएगा।
जिला प्रशासन के अनुसार, अभियान के तहत आने वाले दिनों में विभिन्न विभागों के समन्वय से व्यापक जन-जागरूकता कार्यक्रम, हस्ताक्षर अभियान, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण और संवाद कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि नशामुक्त समाज के निर्माण के लक्ष्य को जनसहभागिता के माध्यम से साकार किया जा सके।
कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, जेएसएलपीएस के प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएं, सहियाएं तथा अन्य संबंधित लोग उपस्थित थे।