स्वतंत्रता दिवस पर सरायकेला-खरसावाँ में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता” अभियान पर जोर

सरायकेला, 12 अगस्त : स्वतंत्रता दिवस की तैयारियों के बीच जिले में “हर घर तिरंगा, हर घर स्वच्छता : स्वतंत्रता का उत्सव, स्वच्छता के संग” अभियान पूरे जोश के साथ चलाया जा रहा है। पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला-खरसावाँ द्वारा आयोजित इस अभियान का उद्देश्य स्वच्छता के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना और नागरिकों को अपने घर, आसपास व सार्वजनिक स्थलों को साफ-सुथरा रखने के लिए प्रेरित करना है।
8 से 15 अगस्त तक चलाए जा रहे इस विशेष अभियान के तहत ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में रैली, नुक्कड़ नाटक, शपथ ग्रहण, स्वच्छता प्रतियोगिताएँ, दीवार लेखन, पोस्टर-बैनर प्रदर्शनी, सामुदायिक स्थलों की सफाई और घर-घर जाकर जागरूकता फैलाने जैसी गतिविधियाँ की जा रही हैं।
कार्यक्रम में पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के पदाधिकारी, स्वच्छाग्रही, पंचायत प्रतिनिधि, आंगनबाड़ी सेविकाएँ, सहिया, विद्यालय शिक्षक-शिक्षिकाएँ, विद्यार्थी और बड़ी संख्या में ग्रामीण सक्रिय रूप से भाग ले रहे हैं।

कार्यपालक अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला-खरसावाँ ने आमजन से अपील की है कि अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर अभियान को सफल बनाएं और स्वतंत्रता दिवस को स्वच्छता के साथ उत्सवमय बनाएं।



