ईंट भट्ठे की रखवाली कर रहे व्यक्ति की संदेहास्पद मौत, गांव में दहशत

नीमडीह, 25 फरवरी : सरायकेला-खरसावां जिला अंतर्गत नीमडीह थाना क्षेत्र के मुरु गांव स्थित एक ईंट भट्ठे में रखवाली कर रहे व्यक्ति की संदेहास्पद परिस्थितियों में मौत हो गई। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और शोक का माहौल है। मृतक की पहचान मुरु गांव निवासी 41 वर्षीय खितिस चंद्र महतो के रूप में की गई है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, खितिस चंद्र महतो के ईंट भट्टा में ईटों को जलाने के लिए मंगलवार को आग लगाया गया था। श रात ईंट भट्ठे की देखरेख करने के लिए वे घर से निकले थे। देर शाम घर पर भोजन करने के बाद वे भट्ठे की निगरानी के लिए पहुंचे थे। बताया जा रहा है कि सुबह काफी देर तक उनके घर नहीं लौटने पर परिजनों और ग्रामीणों ने खोजबीन शुरू की। इसी दौरान भट्ठे के समीप उनका शव संदिग्ध अवस्था में पाया गया। घटना की खबर मिलते ही क्षेत्र में सनसनी फैल गई।
सूचना मिलने पर नीमडीह थाना प्रभारी एसके तिवारी पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और मामले की जांच शुरू की। उन्होंने बताया कि शव पर किसी तरह के चोट या अन्य जख्म नहीं मिले हैं। पुलिस शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। प्रारंभिक तौर पर मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा नहीं हो पाया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा। पुलिस ने बताया कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।



