कुकड़ू प्रखंड कार्यालय में बीएलओ प्रशिक्षण संपन्न, निर्वाचन प्रक्रिया को लेकर मिली महत्वपूर्ण जानकारी

चांडिल, 11 जुलाई : कुकड़ू प्रखंड सभागार में राष्ट्रीय प्रशिक्षण कार्यक्रम (National Training Program) के तहत बूथ लेवल ऑफिसरों (BLOs) का एक दिवसीय प्रशिक्षण सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस प्रशिक्षण सत्र में ईचागढ़ विधानसभा क्षेत्र संख्या 50 के सभी बीएलओ एवं सुपरवाइजर शामिल हुए।
प्रशिक्षण का आयोजन जिला निर्वाचन पदाधिकारी-सह-उपायुक्त, सरायकेला-खरसावां के निर्देश पर किया गया था। कार्यक्रम प्रातः 10:30 बजे प्रारंभ हुआ, जिसमें निर्वाचन प्रक्रिया से संबंधित विभिन्न तकनीकी और व्यवहारिक पहलुओं की विस्तृत जानकारी दी गई।

प्रखंड विकास पदाधिकारी राजश्री ललिता बखला ने सभी प्रतिभागियों को समयबद्ध उपस्थित रहने तथा प्रशिक्षण में सक्रिय रूप से भाग लेने के लिए धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के प्रशिक्षण से बीएलओ की कार्यकुशलता में वृद्धि होती है, जिससे आगामी चुनाव प्रक्रिया और भी पारदर्शी और सुचारु रूप से संचालित की जा सकेगी।
प्रशिक्षण के दौरान उपस्थित प्रशिक्षक शिव शंकर महतो ने ईवीएम, मतदाता सूची सुधार, मतदाता जागरूकता अभियान एवं आदर्श आचार संहिता से जुड़े बिंदुओं पर भी चर्चा की।



