उपायुक्त के निर्देश पर उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई — 80 लीटर अवैध महुआ शराब जब्त, 1100 किलो जावा महुआ नष्ट
सरायकेला, 09 अक्टूबर: उपायुक्त सरायकेला के निर्देशानुसार जिले में अवैध शराब के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत आज उत्पाद विभाग की टीम ने कांड्रा थाना क्षेत्र में बड़ी कार्रवाई की है। अधीक्षक, उत्पाद सरायकेला सौरभ तिवारी के पर्यवेक्षण में प्राप्त गुप्त सूचना के आधार पर मोहनपुर जंगल और रायपुर गांव स्थित दो अवैध शराब अड्डों पर छापेमारी की गई।
छापेमारी के दौरान 80 लीटर अवैध महुआ शराब बरामद की गई, जिसे विधिवत जब्त कर लिया गया। वहीं, 1100 किलोग्राम जावा महुआ को मौके पर ही विनष्ट किया गया।
अड्डा संचालकों की पहचान मोटू टुडू और जयपाल हांसदा के रूप में की गई है। दोनों के खिलाफ उत्पाद अधिनियम की सुसंगत धाराओं के तहत मामला दर्ज कर गिरफ्तारी की दिशा में कार्रवाई प्रारंभ कर दी गई है।
अधीक्षक सौरभ तिवारी ने बताया कि जिले में अवैध शराब निर्माण, परिवहन और बिक्री पर अंकुश लगाने के लिए लगातार छापेमारी अभियान चलाया जा रहा है। सभी प्रखंडों एवं थाना क्षेत्रों में विशेष निगरानी और सतत गश्ती की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने आम जनता से अपील की कि यदि किसी क्षेत्र में अवैध शराब निर्माण या बिक्री की सूचना हो, तो तत्काल उत्पाद विभाग या नजदीकी थाना को सूचित करें, ताकि त्वरित कार्रवाई की जा सके।
त्योहारों के मद्देनज़र अधीक्षक ने सभी पदाधिकारियों को निर्देश दिया है कि अवैध शराब की बिक्री एवं परिवहन पर विशेष नजर रखी जाए और दोषियों के खिलाफ शून्य सहनशीलता नीति के तहत कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।