तंबाकूमुक्त समाज की दिशा में बड़ा कदम — सरायकेला में “टोबैको फ्री यूथ कैंपेनिंग 3.0” का शुभारंभ

Manbhum Updates
3 Min Read

तंबाकूमुक्त समाज की दिशा में बड़ा कदम — सरायकेला में “टोबैको फ्री यूथ कैंपेनिंग 3.0” का शुभारंभ

सरायकेला, 09 अक्टूबर: राष्ट्रीय तंबाकू नियंत्रण कार्यक्रम के तहत आज सरायकेला-खरसावां जिले में “टोबैको फ्री यूथ कैंपेनिंग 3.0” अभियान की औपचारिक शुरुआत की गई। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने समाहरणालय परिसर से जन-जागरूकता रथ को हरी झंडी दिखाकर इस अभियान का शुभारंभ किया।

अभियान का उद्देश्य युवाओं को तंबाकू एवं नशे की लत से दूर रखना तथा जिले को तंबाकूमुक्त समाज की दिशा में आगे बढ़ाना है। इस अवसर पर उपायुक्त ने कहा कि “तंबाकू सेवन से उत्पन्न घातक प्रभावों से समाज को बचाने के लिए सामूहिक जन-आंदोलन की आवश्यकता है। युवाओं को नशे से दूर रखना और प्रत्येक घर को तंबाकूमुक्त बनाना ही इस अभियान का मुख्य उद्देश्य है।”

उन्होंने बताया कि यह जागरूकता रथ जिले के सभी ग्राम पंचायतों और शहरी क्षेत्रों में निर्धारित रोस्टर के अनुसार भ्रमण करेगा तथा लोगों को तंबाकू के दुष्प्रभावों के बारे में जानकारी देगा।

400 शैक्षणिक संस्थान होंगे तंबाकूमुक्त

उपायुक्त ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि जिले के सभी शैक्षणिक संस्थानों को तंबाकूमुक्त घोषित किया जाए।
उन्होंने COTPA-2003 की धारा 6(b) का सख्ती से अनुपालन सुनिश्चित करने को कहा, जिसके तहत किसी भी शैक्षणिक संस्थान के 100 मीटर के दायरे में तंबाकू उत्पाद की बिक्री पूरी तरह प्रतिबंधित है।

अभियान के तहत 09 अक्टूबर से 07 दिसंबर 2025 तक जिले के लगभग 400 विद्यालयों एवं महाविद्यालयों को तंबाकूमुक्त घोषित करने का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही, पुलिस विभाग के सहयोग से विशेष छापेमारी अभियान चलाकर तंबाकू नियंत्रण कानून का पालन सुनिश्चित किया जाएगा।

जन-जागरूकता से जुड़ेगा पूरा जिला

अभियान के दौरान विभिन्न जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे —
टॉक शो, हस्ताक्षर अभियान, प्रभात फेरी, वॉल पेंटिंग, नुक्कड़ नाटक आदि के माध्यम से लोगों को इस मुहिम से जोड़ा जाएगा।

इसके अलावा, जिले की कम से कम 30 ग्राम पंचायतों को “तंबाकूमुक्त ग्राम” घोषित करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर भी ऑनलाइन जन-जागरूकता अभियान चलाया जाएगा, ताकि नागरिक सहभागिता को बढ़ावा मिले और अधिक से अधिक लोग इस पहल से जुड़ें।

इस अवसर पर सिविल सर्जन, डी.आर.सी.एच.ओ. सहित अन्य विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।

Share This Article