त्योहारों से पहले मिठाई दुकानों पर जिला प्रशासन की कार्रवाई — मिलावटी मसाला नष्ट, चेतावनी जारी

Manbhum Updates
2 Min Read

त्योहारों से पहले मिठाई दुकानों पर जिला प्रशासन की कार्रवाई — मिलावटी मसाला नष्ट, चेतावनी जारी

सरायकेला, 17 अक्टूबर : त्योहारों के मद्देनज़र सरायकेला-खरसावाँ जिला प्रशासन ने खाद्य प्रतिष्ठानों पर सख्त निगरानी शुरू कर दी है। उपायुक्त नितिश कुमार सिंह के निर्देश पर शुक्रवार को अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी के नेतृत्व में खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी सुबीर रंजन द्वारा आदित्यपुर व गम्हरिया क्षेत्र की मिठाई दुकानों का औचक निरीक्षण किया गया।

निरीक्षण के दौरान पनीर, खोवा, दूध से बनी मिठाइयों, लड्डू, बूंदिया, चाट और समोसे में उपयोग होने वाले मसालों की गुणवत्ता जांची गई। इस दौरान कुछ दुकानों में बिना लेबल वाले समोसा मसाले पाए गए, जिसके चलते 30 पैकेट मसाले मौके पर ही नष्ट कराए गए।

अधिकारियों ने दुकानदारों को अखबार में लपेटकर खाद्य सामग्री बेचने से सख्त मना किया और मौके पर उपलब्ध ऐसे सभी पैकेट जब्त कर नष्ट किए। साथ ही चेतावनी दी गई कि भविष्य में उल्लंघन पाए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत कार्रवाई की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान दो दुकानों से नमूने जांच हेतु लिए गए हैं, जिन्हें प्रयोगशाला भेजा गया है।
खाद्य सुरक्षा पदाधिकारी ने बताया कि त्योहारों के दौरान जिले में निरीक्षण अभियान लगातार जारी रहेगा, ताकि लोगों को शुद्ध एवं सुरक्षित खाद्य सामग्री उपलब्ध हो सके।

Share This Article