दीपावली–धनतेरस पर कुकड़ू हाट में उमड़ा जनसैलाब — दीये, बर्तन और बकरों की हुई जबरदस्त बिक्री

Manbhum Updates
2 Min Read

दीपावली–धनतेरस पर कुकड़ू हाट में उमड़ा जनसैलाब — दीये, बर्तन और बकरों की हुई जबरदस्त बिक्री

नीमडीह, 17 अक्टूबर : कोल्हान का सबसे बड़ा साप्ताहिक बाजार — कुकड़ू हाट — शुक्रवार को दीपावली, धनतेरस और बांदना पर्व की खरीदारी से गुलजार रहा। सुबह से ही बाजार में लोगों की भारी भीड़ उमड़ी और देखते ही देखते पूरा क्षेत्र रोशनी, रंग और रौनक से भर गया।

त्योहारी जोश के बीच मिट्टी के दीये, बांस की टोकरी, झाड़ू, सुप, बर्तन और पशुओं के साज-सामान की खूब बिक्री हुई। गोवर्धन पूजा और गौ माता की पूजा के लिए ग्रामीण महिलाओं ने सिंदूर, रंग-बिरंगे रंग और सजावटी सामग्री की जमकर खरीदारी की।

वहीं, काली पूजा को लेकर बकरों की बिक्री में भी जबरदस्त उछाल देखने को मिला — दाम ₹5,000 से ₹15,000 तक पहुंचे। सप्ताहिक पशु और कृषि बाजार में इस बार सामान्य दिनों की तुलना में कई गुना अधिक भीड़ रही।

बाजार परिसर में बाइक और चारपहिया वाहनों की पार्किंग के लिए जगह तक कम पड़ गई। दुकानदारों के चेहरे पर उमंग थी, जबकि खरीदार दीपावली की रौनक में डूबे नजर आए।

ग्रामीणों ने बताया कि इस बार बांदना, काली पूजा और धनतेरस को लेकर उत्साह चरम पर है। झारखंड एवं पश्चिम बंगाल से आए व्यापारी और ग्राहक कुकड़ू बाजार की चहल-पहल में शामिल हुए।

त्योहारों की खरीदारी से न केवल बाजार की रौनक बढ़ी, बल्कि पूरे इलाके में खुशियों का माहौल छा गया।

Share This Article