डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती पर चांडिल में मनाया गया अधिवक्ता दिवस

चांडिल, 3 दिसंबर : भारत के प्रथम राष्ट्रपति एवं संविधान सभा के अध्यक्ष भारत रत्न डॉ. राजेंद्र प्रसाद की जयंती के अवसर पर चांडिल बार भवन में अधिवक्ता दिवस मनाया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झारखंड आंदोलनकारी व ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) बृहत झारखंड के पूर्व केंद्रीय अध्यक्ष ललित कुमार महतो ने किया।
समारोह की शुरुआत डॉ. राजेंद्र प्रसाद की प्रतिमा पर माल्यार्पण और पुष्प अर्पित कर की गई। इस दौरान उपस्थित अधिवक्ताओं ने उनके आदर्शों पर चलने तथा संविधान एवं विधि-व्यवस्था की रक्षा करने का संकल्प लिया। कार्यक्रम में ललित महतो ने अधिवक्ताओं को सॉल ओढ़ाकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर चांडिल बार एसोसिएशन, बुंडू बार एसोसिएशन के पदाधिकारी तथा सरायकेला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष प्रभात कुमार महतो समेत कई वरिष्ठ अधिवक्ता मौजूद थे।
अपने संबोधन में ललित महतो ने कहा कि अधिवक्ता न्यायपालिका के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं और सेवा भावना के साथ कार्य करना उनका कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि मेडिकल और वकालत दोनों ऐसे क्षेत्र हैं जहां व्यवसाय के साथ समाजसेवा भी जुड़ी रहती है और जीवनभर लोगों की मदद की जा सकती है।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिवक्ताओं ने एकजुटता बढ़ाने हेतु बनभोज आयोजित करने और आगे की रणनीति तय करने का निर्णय लिया।



