सखी वन स्टॉप सेंटर में ‘हर घर तिरंगा’ सप्ताह के तहत चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने किया पुरस्कार वितरण

Manbhum Updates
2 Min Read

सखी वन स्टॉप सेंटर में ‘हर घर तिरंगा’ सप्ताह के तहत चित्रांकन प्रतियोगिता आयोजित, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी ने किया पुरस्कार वितरण

 


सरायकेला, 14 अगस्त : महिला एवं बाल विकास विभाग, सरायकेला-खरसावां के सौजन्य से सखी वन स्टॉप सेंटर, सरायकेला परिसर में ‘हर घर तिरंगा’ सप्ताह के तहत विशेष कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य बच्चों में देशभक्ति की भावना को जागृत करने के साथ-साथ राष्ट्रीय ध्वज ‘तिरंगा’ के प्रति सम्मान एवं गौरव की भावना को प्रोत्साहित करना था।

इस अवसर पर बच्चों के लिए चित्रांकन (पेंटिंग) प्रतियोगिता आयोजित की गई, जिसमें बच्चों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतिभागियों ने अपने चित्रों के माध्यम से तिरंगा, देशभक्ति के विभिन्न प्रतीकों तथा भारत के मानचित्र सहित विभिन्न विषयों को रचनात्मक रूप से प्रस्तुत किया। बच्चों की कलाकृतियों में देशप्रेम एवं राष्ट्रभक्ति की भावना स्पष्ट रूप से देखने को मिली।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित जिला समाज कल्याण पदाधिकारी श्रीमती सत्या ठाकुर ने बच्चों द्वारा बनाए गए चित्रों का अवलोकन किया तथा उनकी प्रतिभा और रचनात्मकता की सराहना की। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले बच्चों को उनके द्वारा पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का सफल मंच संचालन सखी वन स्टॉप सेंटर की केंद्र प्रशासक पूर्णिमा नायक एवं चाइल्ड हेल्पलाइन से कविता मिश्रा द्वारा संयुक्त रूप से किया गया। इस दौरान बच्चों को स्वतंत्रता दिवस के महत्व एवं ‘हर घर तिरंगा’ अभियान के उद्देश्य और संदेश से अवगत कराया गया।

कार्यक्रम में सखी वन स्टॉप सेंटर एवं चाइल्ड हेल्पलाइन के कर्मियों के साथ स्थानीय ग्रामीण तथा बड़ी संख्या में बच्चे उपस्थित रहे।

Share This Article