बरातियों और ग्रामीणों के बीच हिंसक झड़प, पांच घायल — पटाखा विवाद बना वजह

पटमदा/जमशेदपुर, 13 जुलाई : बीती रात बोड़ाम थाना क्षेत्र के लावजोड़ा गांव में बारातियों और स्थानीय ग्रामीणों के बीच पटाखा फोड़ने को लेकर हुए विवाद ने हिंसक रूप ले लिया। इस घटना में धालभूमगढ़ थाना क्षेत्र के चार युवक एवं डुमरिया थाना क्षेत्र का एक नाबालिग घायल हो गया। सभी घायलों को इलाज के लिए माचा स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) में भर्ती कराया गया है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, घाटशिला अनुमंडल अंतर्गत पहाड़पुर गांव से बारात लावजोड़ा गांव स्थित एक कर्मकार परिवार के यहां पहुंची थी। रात करीब दो बजे बारातियों का जुलूस जब गांव से गुजर रहा था, उसी दौरान एक पटाखा उड़ते हुए एक संभ्रांत परिवार के घर में जा गिरा। इससे नाराज स्थानीय लोगों ने बारातियों को पटाखा फोड़ने से रोका, जिससे दोनों पक्षों में कहासुनी होने लगी। देखते ही देखते मामला बढ़कर हाथापाई में बदल गया।
सूत्रों के अनुसार, इसके बाद दर्जनों की संख्या में पहुंचे ग्रामीणों ने बारात में शामिल पांच लोगों को दुल्हन के घर से बाहर निकालकर एक घर में बंधक बना लिया। घटना की जानकारी मिलने पर धालभूमगढ़ के एक चौकीदार ने बोड़ाम थाना प्रभारी मनोरंजन कुमार को रात तीन बजे के आसपास फोन कर सूचना दी। इसके बाद बोड़ाम थाना के एएसआई मोहम्मद मजीद पुलिस बल के साथ करीब साढ़े तीन बजे मौके पर पहुंचे और बंधक बने लोगों को मुक्त कराकर अस्पताल पहुंचाया।
घायलों में केंदबनी निवासी गौतम धान (25), पहाड़पुर निवासी सोनू भुइयां (25), अनिल भुइयां (40), हारु कर्मकार (27) तथा डुमरिया थाना क्षेत्र के कालीमाटी गांव निवासी एक 16 वर्षीय नाबालिग शामिल हैं। नाबालिग दूल्हे का रिश्तेदार बताया जा रहा है, जिसे सिर में गंभीर चोट आई है।
अब तक इस घटना के संबंध में पुलिस को किसी भी पक्ष से कोई लिखित शिकायत नहीं मिली है। पुलिस पूरे मामले की छानबीन कर रही है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है।



