ईचागढ़ : बैंक मित्र से लूट, सिर पर हमला कर नकदी लेकर फरार

Manbhum Updates
3 Min Read

ईचागढ़ : बैंक मित्र से लूट, साथी पर हमला कर नकदी लेकर फरार

ईचागढ़, 29 सितंबर : सरायकेला- खरसावां जिले के ईचागढ़ थाना क्षेत्र अंतर्गत रांगामाटी–मिलन चौक मार्ग पर सोमवार शाम एक बड़ी वारदात सामने आई। अज्ञात अपराधियों ने बैंक ऑफ इंडिया के बैंक मित्र फाल्गुनी गोप और उनके साथी दुर्गा सोरेन पर हमला कर नकदी लूट ली। बताया जा रहा है कि करीब तीन लाख रुपये की लूट हुई है।

घटना कैसे हुई

जानकारी के अनुसार, ईचागढ़ के आगसिया गांव निवासी बैंक मित्र फाल्गुनी गोप चौका से बैंक संबंधी कार्य निपटाकर अपने साथी दुर्गा सोरेन के साथ मोटरसाइकिल से घर लौट रहे थे। इसी दौरान बासाहातू के समीप पल्सर बाइक पर सवार तीन अज्ञात अपराधियों ने अचानक उन पर धावा बोल दिया।

हमले के दौरान फाल्गुनी गोप और दुर्गा सोरेन बाइक समेत सड़क पर गिर पड़े। फाल्गुनी गोप बाइक उठाने का प्रयास कर रहे थे, जबकि दुर्गा सोरेन रुपये बचाने की कोशिश में भागे। तभी हमलावरों ने उनका पीछा कर लाठी से सिर पर हमला कर दिया, जिससे दुर्गा सोरेन गंभीर रूप से घायल हो गए। बाद में अपराधियों दुर्गा सोरेन के पास रखी नकदी भरा बैग लेकर मौके से फरार हो गए। बताया जा रहा है कि घटना को अंजाम देने के बाद तीनों अपराधी रंगामाटी की ओर ही फरार हो गया।

स्थानीय लोगों की सूचना पर ईचागढ़ पुलिस मौके पर पहुंची और घायल दुर्गा सोरेन को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। वहीं, बैंक मित्र फाल्गुनी गोप सुरक्षित बताए जा रहे हैं।

पुलिस-प्रशासन पर उठे सवाल

इस घटना ने एक बार फिर ईचागढ़ क्षेत्र की कानून-व्यवस्था की पोल खोल दी है। स्थानीय लोगों का कहना है कि थाना क्षेत्र में गश्त और सुरक्षा व्यवस्था न के बराबर है। ग्रामीणों का कहना है कि थाना प्रभारी और ईचागढ़ पुलिस पूरी तरह लापरवाह साबित हो रहे हैं। अपराधी खुलेआम वारदातों को अंजाम दे रहे हैं और पुलिस केवल कागजी खानापूर्ति तक सीमित है।

स्थानीय लोगों ने चेतावनी दी है कि अगर प्रशासन तुरंत ठोस कदम नहीं उठाता और मार्ग पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत नहीं की जाती, तो लोगों का आक्रोश और बढ़ेगा।

सीसीटीवी फुटेज खांगल रही पुलिस

घटना के बाद ईचागढ़ पुलिस घटना की जांच में जुट गई है। सिल्ली – रांगामाटी मार्ग पर विभिन्न स्थानों पर सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रही हैं और अपराधियों की पहचान करने का प्रयास कर रही है। वहीं, पुलिस ने अपने खुफियातंत्र को भी अलर्ट कर दिया है, ताकि अपराधियों से जुड़ी जानकारी प्राप्त हो सके।

समाचार अपडेट जारी है, जुड़े रहें Manbhumupdates.com के साथ!

Share This Article