जमशेदपुर : जसवा की झारखंड प्रांतीय बैठक आयोजित, 2 अक्टूबर से बनारस राजघाट से दिल्ली राजघाट तक की पदयात्रा में शामिल होंगे संगठन के कई साथी

जमशेदपुर, 20 अगस्त : जनमुक्ति संघर्ष वाहिनी झारखंड प्रांतीय कार्यकारिणी की नियमित मासिक बैठक बुधवार को जमशेदपुर के नीलडीह ग्वाला बस्ती में हुई। बैठक में कई महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा के उपरांत सर्वसम्मति से कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए।
मौके पर विशेष रूप से बिहार विधानसभा चुनाव के मद्देनजर चुनाव आयोग द्वारा कराए जा रहे SIR को लेकर चर्चा करते हुए आयोग की मंशा की आलोचना की गई और कहा गया कि आयोग को पूरी निष्पक्षता से कार्य करना चाहिए, लेकिन उसके विपरीत सरकार के इशारे पर कार्य कर रहा है, जो लोकतंत्र के लिए अच्छा संकेत नहीं है। पूरे देश में आयोग के खिलाफ़ जनता अपनी आवाज़ उठा रही है।
सर्व सेवा संघ द्वारा 2 अक्टूबर से आयोजित बनारस के राजघाट से दिल्ली राजघाट तक की पदयात्रा में जसवा प्रांतीय समिति के कुछ सदस्यों की भागीदारी रहेगी। जसवा के पूर्व संयोजक भाषाण मानमी, जगत और कुमार दिलीप ने पदयात्रा में 21 नवंबर को शामिल होने पर अपनी सहमति दी है। पदयात्रा 26 नवंबर को दिल्ली स्थित राजघाट में संपन्न होगी।
बैठक में आगामी 8 अक्टूबर को रांची में संगठन का एक व्यापक समावेश होगा, जिसमें संगठन के तमाम साथियों के अलावे अन्य समान विचारधारा वाले संगठनों के साथी भी शामिल होंगे। बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि रामगढ़ या हजारीबाग में जसवा के साथियों की बैठकें नियमित रूप से होती रहेंगी।
इस अवसर पर सर्वसम्मति से यह निर्णय लिया गया कि साझा नागरिक मंच के कार्यक्रमों में जसवा भी शामिल होगा। अंधविश्वास और पाखंड के विरोधी एवं वैज्ञानिक चेतना को समाज में प्रसारित करने वाले सामाजिक कार्यकर्ता डॉ नरेंद्र दाभोलकर को उनके शहादत दिवस पर याद करते हुए श्रद्धांजलि दी गई।
बैठक में अरविंद अंजुम, मंथन, भाषाण मानमी, जगत, कुमार दिलीप, शशांक शेखर समेत कई अन्य उपस्थित थे।



