विधानसभा उपचुनाव घाटशिला के एसडीएम होंगे निर्वाची पदाधिकारी

Manbhum Updates
2 Min Read

विधानसभा उपचुनाव घाटशिला के एसडीएम होंगे निर्वाची पदाधिकारी


जमशेदपुर, 06 अक्टूबर : जिला निर्वाचन पदाधिकारी कर्ण सत्यार्थी ने बताया कि घाटशिला विधानसभा क्षेत्र के उपचुनाव हेतु निर्वाची पदाधिकारी घाटशिला के अनुमंडल पदाधिकारी सुनील चंद्रा होंगे। सहायक निर्वाची पदाधिकारी के रूप में सीओ धालभूमगढ़, सीओ घाटशिला एवं बीडीओ घाटशिला कार्य करेंगे। नामांकन की प्रक्रिया अनुमंडल कार्यालय घाटशिला में संपन्न होगी। उन्होने बताया कि मतदाता नामांकन की अंतिम तिथि के 10 दिन पूर्व तक मतदाता सूची में नाम जोड़ने हेतु आवेदन कर सकते हैं।

मौके पर उन्होंने बताया कि निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुरूप जिले में निष्पक्ष, पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण मतदान की सभी तैयारियां सुनिश्चित की जाएगी। आचार संहिता लागू होने के साथ ही निर्वाचन कार्य हेतु गठित सभी कोषांग को आवश्यक निर्देश जारी कर दिए गए हैं। निर्वाचन कार्य के सफल संपादन हेतु कुल 15 कोषांग का गठन किया गया है। सभी नोडल पदाधिकारियों को उनकी भूमिका एवं दायित्वों के संबंध में स्पष्ट दिशा-निर्देश दिए जा रहे हैं।

वहीं वरीय पुलिस अधीक्षक पीयूष पांडेय ने कहा कि चुनाव के दौरान विधि-व्यवस्था बनाए रखने हेतु समुचित सुरक्षा व्यवस्था की जाएगी। क्रिटिकल बूथों की पहचान कर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी। साथ ही फरार अभियुक्तों के धरपकड़ हेतु अभियान चलाते हुए निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी। लाइसेंसी आर्म्स का सत्यापन कराते हुए जमा लिया जाएगा। साथ ही किसी भी प्रकार की अवैध गतिविधियों के रोकथाम के लिए भी सघन अभियान चलाया जाएगा।

Share This Article