बातचीत नहीं तो काम बंद – पीएलएफआई की धमकी के साथ कर्रा में निर्माण साइट पर हमला

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खूंटी, 01 मई : जिले में उग्रवाद की एक और घटना ने विकास कार्यों की रफ्तार पर सवाल खड़े कर दिए हैं। गुरुवार देर रात कर्रा क्षेत्र में हथियारबंद पीएलएफआई उग्रवादियों ने धावा बोलते हुए निर्माण कार्य में लगी मशीन को आग के हवाले कर दिया और दहशत फैलाने के लिए कई राउंड फायरिंग की।

हालांकि समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिससे मशीन पूरी तरह जलने से बच गई। घटना स्थल से पीएलएफआई के नाम का एक पर्चा बरामद हुआ है, जिसमें संगठन के अमृत होरो ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।

पर्चे में साफ तौर पर चेतावनी दी गई है कि संगठन से बातचीत किए बिना किसी भी प्रकार का निर्माण कार्य नहीं होने दिया जाएगा। उग्रवादियों ने इसे ‘अनदेखी का परिणाम’ बताते हुए आगे भी काम बाधित करने की धमकी दी है।

बताया जा रहा है कि घटना धुर्वा-कर्रा रोड स्थित कुलहुट्टू में रेलवे ठेकेदार के प्लांट पर हुई। घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। अधिकारियों का कहना है कि दोषियों की पहचान कर जल्द ही सख्त कार्रवाई की जाएगी।

 

Share This Article