ब्रह्मानंद अस्पताल में इलाज के आधे घंटे बाद मरीज की मौत, परिजनों का हंगामा – भाजपा नेता खगेन महतो ने प्रबंधन व डॉक्टरों पर लगाए लापरवाही के आरोप

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी के बाद बुद्धेश्वर साहू ने तोड़ा दम, इलाज शुरू करने से पहले पैसे जमा कराने का आरोप – अस्पताल ने एक लाख रुपये लौटाने का दिया आश्वासन

चांडिल, 07 नवंबर : सरायकेला-खरसावां जिले के तमोलिया स्थित ब्रह्मानंद अस्पताल में इलाज के दौरान ईचागढ़ थाना क्षेत्र के बुरुहातु गांव निवासी बुद्धेश्वर साहू उर्फ वासुदेव साहू की मौत हो गई। मेजर हार्ट अटैक आने के बाद परिजन उन्हें अस्पताल लेकर पहुंचे थे, जहां डॉक्टरों की देखरेख में उनकी एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की गई। हालांकि, प्रक्रिया पूरी होने के करीब आधे घंटे बाद ही डॉक्टरों ने परिजनों को मरीज की मौत की सूचना दे दी। इसके बाद अस्पताल परिसर में परिजनों ने जमकर हंगामा किया और अस्पताल प्रबंधन पर इलाज में गंभीर लापरवाही बरतने का आरोप लगाया।

मृतक के पुत्र बिकेश साहू ने बताया कि जब वे अपने पिता को अस्पताल लेकर पहुंचे थे, तब उनकी स्थिति इतनी खराब नहीं दिख रही थी कि वे चलने-फिरने में असमर्थ हों। उनके पिता खुद चलकर अस्पताल के अंदर गए थे और विभिन्न जांच भी स्वयं कराई थी। इसके बाद डॉक्टरों ने उन्हें अस्पताल में भर्ती कराने की सलाह दी।

बिकेश के अनुसार, भर्ती प्रक्रिया के दौरान जब वे हेल्प डेस्क पहुंचे तो उनसे सबसे पहले ढाई लाख रुपये जमा करने को कहा गया। इसके बाद उन्होंने तत्काल एक लाख रुपये और करीब एक घंटे बाद पुनः एक लाख रुपये जमा किए। उनका आरोप है कि पूरी राशि जमा कराने के बाद ही उनके पिता का इलाज शुरू किया गया। डॉक्टरों ने उनकी एंजियोग्राफी और एंजियोप्लास्टी की, लेकिन प्रक्रिया पूरी होने के करीब आधे घंटे बाद ही उनकी मौत की सूचना दे दी गई।

पिता की मौत की खबर सुनते ही परिजन आक्रोशित हो गए और अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ नाराजगी जताते हुए परिसर में हंगामा करने लगे। घटना की जानकारी मिलने पर भाजपा नेता खगेन महतो भी अस्पताल पहुंचे। उन्होंने परिजनों से पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली और अस्पताल प्रबंधन के अधिकारियों से बातचीत कर उनकी शिकायतों को सामने रखा।

इस दौरान भाजपा नेता खगेन महतो ने अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों पर गंभीर सवाल खड़े किए। उन्होंने कहा कि बुद्धेश्वर साहू की मौत बेहद गंभीर मामला है। मरीज को अस्पताल लाने के बाद तत्काल इलाज शुरू करने के बजाय एक लाख रुपये जमा होने तक इंतजार कराना प्रबंधन की बड़ी गलती है। उन्होंने कहा कि अस्पताल प्रबंधन और डॉक्टरों की कथित लापरवाही के कारण मरीज की जान गई है। पूरे मामले की उच्चस्तरीय और निष्पक्ष जांच होनी चाहिए, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि इलाज के दौरान कहां चूक हुई। यदि किसी स्तर पर लापरवाही सामने आती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए।

इधर, परिजनों के मुताबिक, अस्पताल प्रबंधन ने आगामी बुधवार को एक लाख रुपये की राशि वापस करने का आश्वासन दिया है। प्रबंधन की ओर से मिले आश्वासन के बाद परिजन मृतक का शव लेकर अपने गांव लौट गए।

अस्पताल प्रबंधन का आधिकारिक पक्ष सामने नहीं आया

इस पूरे मामले में परिजनों ने इलाज में लापरवाही के गंभीर आरोप लगाए हैं, हालांकि इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है। वहीं, अस्पताल प्रबंधन का विस्तृत आधिकारिक पक्ष भी सामने नहीं आया है। समाचार संकलन के दौरान अस्पताल प्रबंधन से जुड़े लोगों से उनका पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने इस मामले में कुछ भी कहने में असमर्थता जताई। ऐसे में अब यह देखना महत्वपूर्ण होगा कि अस्पताल प्रबंधन इस मामले में क्या स्पष्टीकरण देता है और मरीज की मौत के वास्तविक कारणों का पता लगाने के लिए निष्पक्ष जांच होती है या नहीं।

Share This Article