अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

अवैध शराब के खिलाफ उत्पाद विभाग की बड़ी कार्रवाई, 25 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट

आदित्यपुर, 8 अगस्त :सरायकेला-खरसावां जिले में अवैध शराब के निर्माण और कारोबार के खिलाफ उत्पाद विभाग ने बड़ी कार्रवाई की है। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी के निर्देश पर उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज के नेतृत्व में चलाए गए सघन छापेमारी अभियान के दौरान करीब 25 हजार लीटर जावा महुआ नष्ट किया गया। कार्रवाई के दौरान तीन लोगों को गिरफ्तार करने के साथ अवैध शराब के कारोबार में इस्तेमाल किए जा रहे वाहन भी जब्त किए गए हैं।

जानकारी के अनुसार, उत्पाद विभाग की टीम ने गम्हरिया थाना क्षेत्र के जामजोडा में छापेमारी की। इस दौरान बड़े पैमाने पर अवैध शराब तैयार करने के लिए रखा गया करीब 25,000 लीटर जावा महुआ बरामद कर मौके पर ही नष्ट कर दिया गया।

कार्रवाई के दौरान अवैध शराब के निर्माण में कथित रूप से संलिप्त एक व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया। वहीं, अवैध शराब के परिवहन और कारोबार में इस्तेमाल की जा रही एक स्कूटी और एक टाटा मैजिक वाहन को भी जब्त किया गया। टीम ने मौके से करीब 400 लीटर अवैध महुआ शराब भी बरामद की।

इसके अलावा उत्पाद विभाग की टीम ने आदित्यपुर थाना क्षेत्र के सापड़ा में भी छापेमारी की। यहां अवैध शराब से जुड़े मामले में दो अन्य व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया।

उत्पाद विभाग की इस कार्रवाई से अवैध शराब के कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। विभाग ने स्पष्ट किया है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, भंडारण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।

उत्पाद अधीक्षक विजय क्षितिज ने कहा कि अवैध शराब के कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ नियमानुसार कड़ी कार्रवाई की जाएगी। विभाग की लगातार छापेमारी से ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में अवैध शराब के निर्माण एवं बिक्री पर अंकुश लगाने की कोशिश तेज कर दी गई है।

Share This Article