डिमना रोड में ट्रक की टक्कर से ट्रांसपोर्ट कारोबारी की मौत, चालक फरार

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

साकची से सामान लोड कर कार से घर लौट रहे थे नीरज, पुलिस सीसीटीवी फुटेज से कर रही ट्रक की पहचान

जमशेदपुर, 05 अक्टूबर : शहर के डिमना रोड में रविवार देर रात करीब 12 बजे सड़क हादसे में वास्तु विहार निवासी ट्रांसपोर्ट कारोबारी नीरज कुमार (50) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि नीरज साकची से सामान लोड करवाकर कार से अपने घर लौट रहे थे। इसी दौरान डिमना रोड पर तेज रफ्तार ट्रक ने उनकी कार को टक्कर मार दी।

हादसे में नीरज गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।

हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने फरार चालक की तलाश शुरू कर दी है। ट्रक की पहचान के लिए आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। साथ ही पुलिस घटनास्थल के आसपास मौजूद लोगों से भी जानकारी जुटा रही है।

बताया गया कि नीरज के चार ट्रक चलते हैं और वे स्वयं ट्रांसपोर्ट कारोबार से जुड़े कामकाज देखते थे। घटना की जानकारी मिलने के बाद उनके परिजन अस्पताल पहुंचे। मौत की खबर मिलते ही परिवार में मातम पसर गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।

Share This Article