चांडिल के हामसादा गांव में सेविका चयन विवाद का मामला पहुंचा डीसी के पास – जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल के हामसादा गांव में सेविका चयन विवाद का मामला पहुंचा डीसी के पास – जनता दरबार में उपायुक्त ने सुनीं लोगों की समस्याएं

सरायकेला, 12 जून : उपायुक्त नीतिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में शुक्रवार को समाहरणालय स्थित कार्यालय कक्ष में साप्ताहिक जनता दरबार का आयोजन किया गया। जनता दरबार में जिले के विभिन्न प्रखंडों एवं पंचायतों से पहुंचे लोगों ने अपनी समस्याओं और मांगों से संबंधित आवेदन उपायुक्त को सौंपे।

इस दौरान उपायुक्त ने फरियादियों की समस्याओं को क्रमवार सुना तथा प्राप्त आवेदनों पर आवश्यक कार्रवाई के निर्देश दिए। कई मामलों में संबंधित अधिकारियों को मौके पर ही आवश्यक दिशा-निर्देश देकर त्वरित समाधान सुनिश्चित करने को कहा गया, जबकि अन्य मामलों को समयबद्ध निष्पादन के लिए संबंधित विभागों को अग्रसारित किया गया।

जनता दरबार में चांडिल प्रखंड के हमसदा क्षेत्र में सेविका चयन विवाद, अनुकंपा नियुक्ति, निर्धारित मजदूरी दर से कम भुगतान किए जाने की शिकायत, आदित्यपुर क्षेत्र में भूमि विवाद, अतिक्रमण हटाओ अभियान को जारी रखने की मांग, पेयजल संकट, पीसीसी सड़क निर्माण तथा क्षतिग्रस्त सड़कों की मरम्मत से संबंधित मामले प्रमुख रूप से सामने आए। इसके अलावा स्वास्थ्य, शिक्षा, राशन कार्ड, पेंशन और अन्य जनहित से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी आवेदन प्राप्त हुए।

उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी आवेदनों का नियमानुसार परीक्षण कर निर्धारित समय सीमा के भीतर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि साप्ताहिक जनता दरबार आम नागरिकों की समस्याओं के समाधान का एक प्रभावी माध्यम है और जिला प्रशासन शिकायतों के त्वरित, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन के लिए प्रतिबद्ध है।

Share This Article