चांडिल-कांड्रा मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन पर रोक, ग्रामीणों में आक्रोश – मरम्मत कार्य के नाम पर अगले आदेश तक प्रतिबंध, समय-सीमा स्पष्ट नहीं होने पर उठे सवाल
सरायकेला/चांडिल, 22 अगस्त : जिले के चांडिल-कांड्रा मार्ग पर भारी वाहनों के परिचालन को लेकर जिला परिवहन विभाग के आदेश से ग्रामीणों में नाराजगी है। विभाग ने सड़क के मरम्मत कार्य का हवाला देते हुए चांडिल-कांड्रा (गिद्दीबेड़ा) मार्ग पर सभी प्रकार के भारी मालवाहक वाहनों के परिचालन पर अगले आदेश तक रोक लगा दी है।
बताया गया कि गुरुवार को हुई समन्वय समिति की बैठक में इस संबंध में निर्णय लिया गया। इसके बाद जिला परिवहन विभाग की ओर से आदेश जारी किया गया। हालांकि, आदेश में भारी वाहनों के परिचालन पर रोक की कोई निश्चित समय-सीमा निर्धारित नहीं की गई है। ऐसे में ग्रामीणों का कहना है कि यह स्पष्ट नहीं है कि प्रतिबंध कितने दिनों तक जारी रहेगा।
ग्रामीणों ने परिवहन विभाग के फैसले पर सवाल उठाते हुए कहा कि जर्जर सड़क की मरम्मत कराने के बजाय वाहनों के परिचालन पर रोक लगाना समस्या का स्थायी समाधान नहीं है। लोगों का कहना है कि सड़क की मरम्मत जल्द पूरी कराकर आवागमन सामान्य किया जाना चाहिए।
स्थानीय लोगों के अनुसार चांडिल-कांड्रा मार्ग से दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं। इस मार्ग पर भारी वाहनों का परिचालन बंद होने से किसानों, छोटे व्यापारियों और किराना दुकानदारों को परेशानी हो सकती है। किसानों को अपनी उपज बाजार तक पहुंचाने में दिक्कत होगी, वहीं दुकानदारों को माल मंगाने में अतिरिक्त खर्च उठाना पड़ सकता है।
ग्रामीणों ने कहा कि टाटा-रांची मार्ग पर भी निर्माण एवं मरम्मत कार्य चलते रहते हैं, लेकिन इसके बावजूद आवागमन पूरी तरह बंद नहीं किया जाता। उन्होंने प्रशासन से मांग की है कि चांडिल-कांड्रा मार्ग की मरम्मत कार्य शुरू की जाए और भारी वाहनों के परिचालन को लेकर व्यावहारिक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए।




