खरकोचा टोला में हाथियों का आतंक, वन विभाग की निष्क्रियता से किसान परेशान

कुकड़ू, 13 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल वन क्षेत्र अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड की पंचायत बेरासिसिरुम के ग्राम रुपरु, टोला खरकोचा में दो हाथियों ने जमकर उत्पात मचाया। मंगलवार की भोर को हाथियों के अचानक गांव में प्रवेश करने से किसानों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है, जिससे ग्रामीणों में भय का माहौल व्याप्त है।
जानकारी के अनुसार हाथियों ने गौरांग महतो के मिर्चा बाड़ी को पूरी तरह रौंद दिया। वहीं बालिका महतो के खेत में लगी आलू की फसल को खाकर नष्ट कर दिया। इसके अलावा सत्यवान महतो के खेत में लगी गोभी और बैंगन की फसल को भी हाथियों ने नुकसान पहुंचाया है। किसानों का कहना है कि कड़ी मेहनत से तैयार की गई फसल एक ही रात में बर्बाद हो गई।
ग्रामीणों का आरोप है कि आए दिन जंगली हाथी गांव में घुसकर फसलों को बर्बाद कर रहे हैं। हाथियों के गांव में घुसकर फसलों को बर्बाद करने की सूचना वन विभाग को देने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। इससे किसानों में वन विभाग के प्रति आक्रोश बढ़ता जा रहा है।
ग्रामीणों ने मांग की है कि वन विभाग तत्काल सक्रिय होकर हाथियों की आवाजाही रोके, प्रभावित किसानों को मुआवजा दे और क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करे, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके। ग्रामीणों ने बताया कि पश्चिम बंगाल के सीमावर्ती इस क्षेत्र में जंगली हाथियों का झुंड आए दिन उत्पात मचा रहे हैं। सोमवार की रात जंगली हाथियों ने पश्चिम बंगाल क्षेत्र में मकान को भी ध्वस्त किया है।



