कुकड़ू में भव्य कलश यात्रा के साथ मास परायण श्रीश्री रामचरित मानस पाठ महायज्ञ का शुभारंभ

कुकड़ू , 15 जनवरी : सरायकेला जिला अंतर्गत कुकड़ू प्रखंड के हनुमान मंदिर प्रांगण में आयोजित मास व्यापी श्रीश्री रामचरित मानस पाठ महायज्ञ का शुभारंभ गुरुवार को विधिवत कलश स्थापना के साथ हुआ। अनुष्ठान के लिए निकाली गई भव्य कलश यात्रा में धार्मिक परिधानों से सुसज्जित महिलाएं एवं युवतियां सिर पर कलश धारण कर तिरुलडीह स्थित स्वर्णरेखा नदी पहुंचीं। नदी से विधिपूर्वक जल भरने के पश्चात श्रद्धालु गाजे-बाजे के साथ महायज्ञ स्थल पहुंचे।
महायज्ञ स्थल पर वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच कलश स्थापना कराई गई। भव्य कलश यात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। आयोजन के दौरान जय श्री राम, हर हर महादेव एवं अन्य भक्ति गीतों के जयघोष से पूरा क्षेत्र भक्तिमय वातावरण में सराबोर हो गया।
मास व्यापी इस महायज्ञ के व्यासपीठ पर राधाकांत पाण्डेय विराजमान हैं। आयोजन के दौरान झारखंड एवं पश्चिम बंगाल से आए कई नामी-गिरामी पंडित एवं प्रवचनकर्ता श्रद्धालुओं को रामचरित मानस का सुमधुर एवं भावपूर्ण प्रवचन सुनाएंगे।आयोजन समिति के अनुसार, इस महायज्ञ से क्षेत्र में आध्यात्मिक चेतना एवं सामाजिक सद्भाव को बल मिलेगा।



