समाहरणालय में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक, उपायुक्त ने दिए अहम निर्देश

सरायकेला, 15 जनवरी : समाहरणालय सभागार में उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में स्वास्थ्य विभाग की मासिक समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में सिविल सर्जन डॉ. सरयू प्रसाद सिंह, अपर मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. जुझार मांझी, डीआरसीएचओ, सभी एमओआईसी, डीपीएम, बीपीएम सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित रहे।
बैठक में उपायुक्त ने पूर्व बैठकों में दिए गए निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा की। साथ ही सदर अस्पताल सहित सभी सीएचसी, पीएचसी एवं उप-स्वास्थ्य केंद्रों में उपलब्ध स्क्रैप सामग्री का आकलन कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
समीक्षा के दौरान एएनसी, संस्थागत प्रसव, टीकाकरण, परिवार नियोजन, मातृ एवं शिशु मृत्यु, एमटीसी सेवाएं, टीबी, मलेरिया, फाइलेरिया, कुष्ठ रोग नियंत्रण, अंधत्व निवारण, आयुष्मान भारत एवं मुख्यमंत्री अबुआ स्वास्थ्य बीमा योजना, आयुष्मान कार्ड निर्माण तथा एनीमिया नियंत्रण कार्यक्रम की प्रगति का अवलोकन किया गया।
उपायुक्त ने अस्पताल प्रबंधन समिति के फंड का उद्देश्यपूर्ण उपयोग कर स्वास्थ्य सेवाओं को सुदृढ़ करने तथा मानवबल के प्रभावी उपयोग पर बल दिया। उन्होंने आयुष्मान व अबुआ योजना के आच्छादन में वृद्धि, एनएसवी के प्रति जागरूकता, ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य व आयुष्मान कार्ड शिविर लगाने के निर्देश दिए।
बैठक के अंत में उत्कृष्ट कार्य के लिए एमओआईसी कुचाई एवं उनकी टीम को सम्मानित किया गया।



