पड़हा राजा सोमा मुंडा की हत्या के विरोध में 17 जनवरी को कोल्हान समेत पूरे झारखंड बंद का आह्वान
चाईबासा, 15 जनवरी : पड़हा राजा सोमा मुंडा की निर्मम हत्या के विरोध में 17 जनवरी को पूरे झारखंड के साथ-साथ कोल्हान प्रमंडल भी बंद रहेगा। यह बंद मानकी मुंडा संघ, कोल्हान एवं तमाम आदिवासी सामाजिक संगठनों के संयुक्त आह्वान पर किया जा रहा है।
संघ ने कहा कि पड़हा राजा सोमा मुंडा ऐदेल संगा पड़हा राजा सह संयुक्त पड़हा राजा महासभा के अध्यक्ष थे और खूंटी जिला से आदिवासी समाज के स्वशासन, स्वाभिमान तथा जल–जंगल–जमीन के अधिकारों के लिए लंबे समय से संघर्षरत रहे। सामाजिक संगठनों ने कहा कि उनकी हत्या केवल एक व्यक्ति की नहीं, बल्कि आदिवासी अस्मिता, संवैधानिक अधिकारों और लोकतांत्रिक मूल्यों पर सीधा हमला है।
सोमा मुंडा कोयल कारो आंदोलन, खूंटकट्टी आंदोलन, सरना सभा तथा पेसा कानून के क्रियान्वयन के प्रमुख स्तंभों में से एक थे। वे कॉरपोरेट आधारित विस्थापनकारी नीतियों के मुखर विरोधी रहे और आजीवन आदिवासी समाज के हित में संघर्ष करते रहे। उनका स्पष्ट मानना था कि विकास का अर्थ विस्थापन नहीं, बल्कि समुदाय के साथ मिलकर आगे बढ़ना है।
सामाजिक कार्यकर्ता साधु बानरा ने बताया कि वे झारखंड आंदोलन के भी सक्रिय सिपाही थे और आदिवासी एकता के प्रबल समर्थक रहे। संगठनों ने मांग की है कि हत्यारों की शीघ्र गिरफ्तारी कर कड़ी से कड़ी सजा दी जाए, अन्यथा आंदोलन और तेज किया जाएगा।



