उप विकास आयुक्त ने किया पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

उप विकास आयुक्त ने किया पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल कार्यालय का औचक निरीक्षण

सरायकेला, 05 जनवरी : सरायकेला-खरसावां जिला के उप विकास आयुक्त रीना हांसदा ने सोमवार को पेयजल एवं स्वच्छता प्रमंडल, सरायकेला कार्यालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान अनुमंडल पदाधिकारी, सरायकेला अभिनव प्रकाश भी उपस्थित रहे।

निरीक्षण के क्रम में उप विकास आयुक्त ने कार्यालय में संधारित विभिन्न पंजी एवं संचिकाओं की स्थिति, कार्यालय कार्यों के आवंटन की व्यवस्था, साफ-सफाई तथा दैनिक प्रशासनिक कार्यप्रणाली की गहन समीक्षा की। इस दौरान अभिलेखों के संधारण, कार्य निष्पादन की प्रक्रिया एवं आंतरिक व्यवस्था से जुड़ी कई कमियों को चिन्हित किया गया।

उप विकास आयुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों एवं कर्मियों को निर्देश दिया कि सभी पंजी एवं संचिकाओं का अद्यतन, सुव्यवस्थित एवं नियमित संधारण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही कार्यालय में पदस्थापित अधिकारियों एवं कर्मियों के बीच कार्यों का स्पष्ट, दायित्व आधारित एवं पारदर्शी आवंटन करने का निर्देश दिया गया, ताकि कार्यों का निष्पादन समयबद्ध एवं प्रभावी रूप से हो सके।

उन्होंने कार्यालय परिसर में स्वच्छता बनाए रखने, अनुशासित एवं जवाबदेह कार्यसंस्कृति विकसित करने तथा कार्योन्मुखी वातावरण सृजित करने पर विशेष बल दिया।

निरीक्षण के दौरान चिन्हित सभी कमियों को 15 दिनों के भीतर दूर करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया गया। साथ ही, निर्देशों के अनुपालन की समीक्षा निर्धारित अवधि के उपरांत किए जाने की बात कही।

Share This Article