सुनवाई से जुड़े दस्तावेजों की दोबारा होगी जांच, सत्यापन के बाद जिला निर्वाचन पदाधिकारी को भेजनी होगी रिपोर्ट
जमशेदपुर, 16 अक्टूबर : मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR-2026) के तहत सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन की प्रक्रिया को पारदर्शी एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए जिला निर्वाचन पदाधिकारी राजीव रंजन ने संबंधित अधिकारियों और कर्मियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में आयोजित बैठक में ईआरओ, एईआरओ, अतिरिक्त एईआरओ, उप निर्वाचन पदाधिकारी, सुनवाई पदाधिकारियों तथा सुनवाई कार्य में लगे कंप्यूटर ऑपरेटरों ने भाग लिया।
बैठक में एसआईआर-2026 के तहत सुनवाई से संबंधित दस्तावेजों के सत्यापन और निर्वाचन संबंधी कार्यों के निष्पादन की समीक्षा की गई। जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी सुनवाई पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि वे अपने स्तर पर संबंधित दस्तावेजों की सावधानीपूर्वक जांच करें और उनकी प्रामाणिकता सुनिश्चित करें।
डीसी लॉगिन से दोबारा भेजे जा रहे दस्तावेज
जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि डीसी लॉगिन में उपलब्ध दस्तावेजों को संबंधित पदाधिकारियों के लॉगिन पर दोबारा भेजा जा रहा है, ताकि उनका पुनः सत्यापन किया जा सके। उन्होंने निर्देश दिया कि जांच के दौरान किसी भी प्रकार की त्रुटि या विसंगति मिलने पर उसका नियमानुसार परीक्षण किया जाए।
उन्होंने कहा कि सत्यापन की प्रक्रिया पूरी होने के बाद संबंधित दस्तावेजों को अपने आधिकारिक ई-मेल के माध्यम से जिला निर्वाचन पदाधिकारी की आधिकारिक ई-मेल आईडी पर भेजना सुनिश्चित करें। इससे प्राप्त दस्तावेजों की समीक्षा कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जा सकेगी।
पारदर्शिता और निर्धारित प्रक्रिया के पालन पर जोर
बैठक में जिला निर्वाचन पदाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को एसआईआर-2026 के तहत सुनवाई और दस्तावेजों के सत्यापन से जुड़े कार्यों को गंभीरता एवं पारदर्शिता के साथ पूरा करने का निर्देश दिया। उन्होंने निर्धारित प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित करते हुए निर्वाचन संबंधी कार्यों को त्रुटिरहित तरीके से संपादित करने पर जोर दिया।



