पश्चिम बंगाल पुलिस ने की कपाली में बड़ी छापेमारी, मवेशी तस्करी से जुड़े दो वाहन बरामद

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

 

पुरुलिया में दर्ज मवेशी चोरी के मामलों की जांच के सिलसिले में छह पुलिस टीमों ने चांडिल के कपाली ओपी क्षेत्र में दी दबिश, आरोपी फरार

 

पुरुलिया/चांडिल, 06 नवंबर : पश्चिम बंगाल के पुरुलिया जिले में दर्ज मवेशी चोरी एवं तस्करी के मामलों की जांच के सिलसिले में पश्चिम बंगाल पुलिस ने झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले में विशेष छापेमारी अभियान चलाया। गुरुवार को चांडिल थाना क्षेत्र के कपाली ओपी अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर संदिग्ध आरोपियों के आवासों पर पुलिस की छह अलग-अलग टीमों ने एक साथ दबिश दी।

इस दौरान पुलिस ने जांच के दायरे में शामिल दो वाहनों को बरामद करने में सफलता हासिल की। हालांकि, छापेमारी की भनक लगने के कारण संदिग्ध आरोपी गिरफ्तारी से बचने में सफल रहे।

पुलिस के अनुसार, पुरुलिया जिले में दर्ज मवेशी चोरी के मामलों की कड़ियों को जोड़ते हुए झारखंड में संदिग्धों के ठिकानों पर यह कार्रवाई की गई। आरोपियों की पहचान और उनकी गिरफ्तारी के लिए आगे भी छापेमारी की जा रही है।

पुलिस का कहना है कि मवेशी चोरी और तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए पड़ोसी राज्यों की पुलिस के साथ समन्वय स्थापित कर इस तरह के अभियान आगे भी जारी रखे जाएंगे। मामले में संलिप्त लोगों को गिरफ्तार कर न्यायिक प्रक्रिया के तहत कार्रवाई करना पुलिस की प्राथमिकता है।

Share This Article