कैबिनेट मंत्री रहे रामदास सोरेन की स्मृति में शोक सभा आयोजित
नीमडीह, 17 अगस्त : नीमडीह प्रखंड के लुपुंगडीह स्थित नारायण आईटीआई में झारखंड कैबिनेट मंत्री रहे दिवंगत रामदास सोरेन के आकस्मिक निधन पर गहरी शोक संवेदना व्यक्त की गई। इस अवसर पर संस्थान के निदेशक डॉ. जटाशंकर पांडेय की अध्यक्षता में शोक सभा का आयोजन किया गया। शोक सभा की शुरुआत दो मिनट के मौन से हुई, इसके बाद उपस्थित जनों ने दिवंगत मंत्री को श्रद्धांजलि अर्पित किया।
इस अवसर पर संस्था के निदेशक डॉ. जटाशंकर पांडेय ने श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि दिवंगत रामदास सोरेन झारखंड के सच्चे जनसेवक और गरीबों की आवाज थे। उन्होंने सदैव समाज के पिछड़े और वंचित वर्ग के उत्थान के लिए कार्य किया। उनके निधन से राज्य की राजनीति और समाजसेवा जगत में अपूर्णीय क्षति हुई है। हम सभी उनके आदर्शों और कार्यों से प्रेरणा लेते रहेंगे। सभा में अन्य वक्ताओं ने भी झारखंड अलग राज्य निर्माण, राज्य को संवारने और जरूरतमंदों को उनके हक अधिकार दिलाने की दिशा में उनके योगदान को याद किया और कहा कि उनका जीवन समर्पण और संघर्ष का मिसाल था।
कार्यक्रम के अंत में संस्थान के सभी सदस्यों ने उनकी आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना किया। इस अवसर पर मुख्य रूप से प्रोफेसर सुदिष्ठ कुमार, निखिल कुमार, पवन महतो, अजय मंडल, देवाशीष, शशि भूषण, कृष्णा, गौरव, जयदीप सहित कई गणमान्य उपस्थित थे।