नरसिंह इस्पात लिमिटेड का मुद्दा DISHA बैठक में गरमाया, कई योजनाओं पर दिए गए निर्देश – डैम रोड़, चिलगु व चालियामा से शराब दुकान हटेंगे

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नरसिंह इस्पात लिमिटेड का मुद्दा DISHA बैठक में गरमाया, कई योजनाओं पर दिए गए निर्देश – डैम रोड़, चिलगु व चालियामा से शराब दुकान हटेंगे

सरायकेला, 30 अगस्त : जिला समाहरणालय सभागार में केंद्रीय रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ की अध्यक्षता में आयोजित जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (DISHA) की बैठक में चांडिल प्रखंड के खूंटी स्थित नरसिंह इस्पात लिमिटेड का मुद्दा सबसे ज्यादा गूंजा। समिति सदस्य मधुसूदन गोराई ने पूछा कि कंपनी पर 2024 में जांच हुई थी, लेकिन कार्रवाई क्यों नहीं हुई। उन्होंने वन भूमि और सरकारी भूमि पर प्लांट संचालन तथा पानला डैम का पानी अवैध रूप से उपयोग करने के आरोप उठाए। इस पर उपायुक्त नितीश कुमार सिंह ने कहा कि पूर्व जांच रिपोर्ट का अध्ययन कर कंपनी प्रबंधन पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही अवैध जल उपयोग की जांच कर कार्रवाई का निर्णय लिया गया।

बैठक में कई अन्य अहम मुद्दों पर भी निर्णय लिए गए, जिसमें ईचागढ़ कस्तूरबा गांधी आवासीय विद्यालय के बच्चों को हो रही असुविधा को देखते हुए नया आवासीय भवन निर्माण का टेंडर निकालने की घोषणा, पूर्व संवेदक ब्लैकलिस्ट।

चांडिल नया बाईपास रोड के भालुककोचा में फुट ओवरब्रिज निर्माण की मांग, स्पीड ब्रेकर और सिग्नल लगाने का प्रस्ताव। चिलगु एनएच-33 के क्षतिग्रस्त पुल का टेंडर पूरा, डेढ़-दो महीने में निर्माण शुरू होगा। पुलिस गश्ती वाहन नियमित रूप से उपलब्ध रहेगा।

ईचागढ़ के टिकर और चांडिल प्रखंड के तमोलिया में नए पुल बनाए जाएंगे।

कमारगोड़ा–कपाली ओपी सड़क मार्ग के संवेदक का 79 लाख रु. भुगतान रोका गया। नीमडीह (हेवेन-आंडा रोड) का मरम्मत कार्य खराब पाए जाने पर जांच का आदेश। नीमडीह प्रखंड के झिमड़ी के ग्रामीण अब अपने पसंदीदा डीलर से सितंबर माह से राशन ले सकेंगे। आदिम जनजाति समुदाय की सुरक्षा के लिए वैसे स्थानों पर चारदीवारी निर्माण की मांग मधुसूदन गोराई ने रखी, जहां आदिम जनजाति समुदाय के लोग निवास करते हैं।

सीएसआर फंड से चांडिल सीएचसी में डायलिसिस सेंटर स्थापित होगा। नीमडीह के बाड़ेदा उत्क्रमित मध्य विद्यालय में दो कमरे बनेंगे। झिमड़ी के नवनिर्मित एकलव्य आवासीय विद्यालय में इस वर्ष से पढ़ाई शुरू होगी।

कुकडू सहित कई प्रखंडों में 10 साल से जमे पदाधिकारी हटाए जाएंगे। चांडिल डैम रोड और नीमडीह के चालियामा में मंदिर के सामने से शराब दुकानें हटेंगी। वहीं, चिलगु के आंगनबाड़ी केंद्र के पास स्थित शराब दुकान हटाने का आदेश।

कपाली की अधूरा पानी टंकी निर्माण कार्य अधूरे छोड़ने वाले संवेदक को ब्लैकलिस्ट कर नया संवेदक कार्य पूर्ण करेगा।

बैठक में स्वास्थ्य, शिक्षा, सड़क, पेयजल, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं और आपदा प्रभावित परिवारों को राहत पहुँचाने संबंधी निर्देश भी दिए गए। इस मौके पर विधायक दशरथ गागराई, सविता महतो, उपायुक्त नीतीश कुमार सिंह, पुलिस अधीक्षक मुकेश लुणायत, जिला परिषद अध्यक्ष सोनाराम बोदरा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, जनप्रतिनिधि मौजूद थे।

Share This Article