फर्जी बिलिंग और टैक्स चोरी का खेल बेनकाब, 29 टन सरिया संग तीन गिरफ्तार
जमशेदपुर, 12 मई : लौह नगरी जमशेदपुर में जीएसटी और रॉयल्टी कर गबन से जुड़े एक बड़े मामले का खुलासा हुआ है। गोलमुरी थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सरिया कारोबार से जुड़े तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। पुलिस की इस कार्रवाई के बाद अवैध ढुलाई और टैक्स चोरी के नेटवर्क को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं।
जानकारी के अनुसार, गोलमुरी थाना में यह मामला दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता अखिलेश यादव ने आरोप लगाया था कि वाहन संख्या CG15CZ-2138 के माध्यम से सरिया की ढुलाई की जा रही थी, जिसमें जीएसटी और रॉयल्टी कर से संबंधित अनियमितताएं सामने आई थीं। आरोप है कि फर्जी दस्तावेजों और संदिग्ध कागजात के जरिए बड़े पैमाने पर कर चोरी की जा रही थी।
मामले को गंभीरता से लेते हुए गोलमुरी थाना पुलिस ने जांच शुरू की और छापेमारी अभियान चलाया। जांच के दौरान पुलिस ने वाहन मालिक बलवंत कुमार यादव, चालक सुमंत कुमार तथा खरीदार गुड्डू कुमार यादव को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ और आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने कुल 540 बंडल सरिया बरामद किया, जिसका वजन लगभग 29 टन बताया जा रहा है।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, प्रारंभिक जांच में टैक्स गबन के संगठित नेटवर्क की आशंका जताई जा रही है। आशंका है कि सरिया की खरीद-बिक्री और परिवहन में फर्जी बिलिंग तथा कागजी हेरफेर के जरिए सरकार को राजस्व का नुकसान पहुंचाया जा रहा था।
फिलहाल पुलिस पूरे मामले की गहराई से जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि इस अवैध कारोबार में और कौन-कौन लोग शामिल हैं तथा इसका नेटवर्क कितनी दूर तक फैला हुआ है।