दो बाइक की सीधी टक्कर में एक की मौत, दो घायल
जमशेदपुर, 12 मई : जमशेदपुर के एमजीएम थाना क्षेत्र स्थित डेंटल कॉलेज के पास मंगलवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। यहां दो बाइकों की आमने-सामने हुई टक्कर में भिलाई पहाड़ी निवासी 35 वर्षीय प्रमोद कुंडू की मौत हो गई, जबकि मुखियाडांगा निवासी विशाल और मोनू गंभीर रूप से घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार प्रमोद कुंडू उलिडीह ओपी के पास संजीविनी नेत्रालय में सिक्योरिटी गार्ड का काम करता था। मंगलवार दोपहर वह काम खत्म कर बाइक से अपने घर लौट रहा था। इसी दौरान विपरीत दिशा से आ रही दूसरी बाइक जिस पर विशाल और मोनू सवार थे से उनकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि तीनों सड़क पर गिर पड़े और गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना पुलिस को दी और तीनों को तत्काल एमजीएम अस्पताल पहुंचाया गया, जहां जांच के बाद चिकितसकों ने प्रमोद कुंडू को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल विशाल और मोनू का इलाज एमजीएम अस्पताल में चल रहा है। हादसे के बाद प्रमोद कुंडू के घर में मातम पसरा हुआ है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।