नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त ने किया विभिन्न निर्वाचन कोषांगों व नामांकन स्थलों का औचक निरीक्षण

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

नगरपालिका चुनाव को लेकर प्रशासन सतर्क, उपायुक्त ने किया विभिन्न निर्वाचन कोषांगों व नामांकन स्थलों का औचक निरीक्षण

सरायकेला, 03 फरवरी : नगरपालिका (आम) निर्वाचन–2026 को सफल, निष्पक्ष एवं पारदर्शी ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह ने मंगलवार को जिले में गठित विभिन्न निर्वाचन कोषांगों का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने निर्वाचन आयोग द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के आलोक में सभी तैयारियों को समयबद्ध रूप से पूर्ण करने का निर्देश दिया।

उपायुक्त ने समाहरणालय भवन में संचालित निर्वाचन कोषांग, सूचना एवं विज्ञान कोषांग, व्यय कोषांग, कार्मिक कोषांग, परिवहन कोषांग एवं जन शिकायत कोषांग की कार्यप्रगति की गहन समीक्षा की। साथ ही काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित सामग्री कोषांग, मतपत्र एवं मतपेटिका कोषांग का भी निरीक्षण कर अभिलेख संधारण, आपसी समन्वय एवं दायित्वों के निर्वहन की स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने संबंधित पदाधिकारियों को स्पष्ट निर्देश देते हुए कहा कि निर्वाचन से जुड़ी प्रत्येक व्यवस्था भारत निर्वाचन आयोग के मानकों के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि चुनाव प्रक्रिया पूरी तरह निष्पक्ष, पारदर्शी एवं निर्बाध रह सके।

इसके उपरांत उपायुक्त ने समाहरणालय भवन में विभिन्न नगर निकाय क्षेत्रों के लिए निर्धारित नामांकन स्थलों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वार्ड पार्षद, अध्यक्ष एवं महापौर पदों के लिए बनाए गए नामांकन कक्षों की व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, अभ्यर्थियों की सुविधा तथा अभिलेख संधारण व्यवस्था की समीक्षा करते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

इसी क्रम में काशी साहू कॉलेज परिसर में स्थापित डिस्पैच सेंटर का निरीक्षण कर तीनों नगर निकाय क्षेत्रों के लिए प्रस्तावित स्ट्रॉन्ग रूम, निर्वाचन सामग्री, सामग्री वितरण हेतु वाहनों की उपलब्धता, बैरिकेडिंग एवं सुरक्षा प्रबंधों की समीक्षा की गई। उपायुक्त ने मतदान कर्मियों की सुविधा, सुरक्षा एवं लॉजिस्टिक आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी तैयारियाँ तय समय-सीमा के भीतर पूर्ण करने का निर्देश दिया।

इसके अलावा काशी साहू कॉलेज परिसर, सरायकेला में प्रस्तावित मतगणना स्थल का भी निरीक्षण किया गया। मतगणना से संबंधित कक्ष व्यवस्था, सुरक्षा, बैरिकेडिंग एवं अन्य आवश्यक प्रबंधों की समीक्षा करते हुए उपायुक्त ने सभी व्यवस्थाओं को निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सुरक्षित एवं सुव्यवस्थित ढंग से पूरा करने का निर्देश दिया।

निरीक्षण के दौरान उप विकास आयुक्त रीना हांसदा, उप निर्वाचन पदाधिकारी सुरेन्द्र उरांव, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी अविनाश कुमार सहित अन्य संबंधित पदाधिकारी उपस्थित थे।

Share This Article