चांडिल में भीषण सड़क दुर्घटना में बाइक सवार युवक की मौत, भाई गंभीर रूप से घायल

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

चांडिल, 25 अगस्त: सरायकेला-खरसावां जिले के चांडिल थाना क्षेत्र अंतर्गत चांडिल गोलचक्कर में टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग पर मंगलवार को हुए भीषण सड़क हादसे में बाइक सवार एक युवक की मौत हो गई, जबकि उसका भाई गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद अज्ञात वाहन मौके से फरार हो गया।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, चांडिल के साहेरबेड़ा निवासी निमाई महतो और उनके भाई नागेश्वर महतो बाइक से जमशेदपुर से अपने घर लौट रहे थे। चांडिल गोलचक्कर के पास टाटा-रांची राष्ट्रीय राजमार्ग से चांडिल की ओर बाइक मोड़ने के दौरान पीछे से आ रहे एक अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए।

दुर्घटना के बाद स्थानीय लोगों ने दोनों घायलों को तत्काल चांडिल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद निमाई महतो को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उनके भाई नागेश्वर महतो की हालत गंभीर बताई जा रही है और उनका इलाज जारी है।

घर से महज 300 मीटर दूर मौत

हादसे की सबसे दर्दनाक बात यह है कि निमाई महतो का घर दुर्घटनास्थल से महज करीब 300 मीटर की दूरी पर स्थित है। दोनों भाई जमशेदपुर से लगभग 30 किलोमीटर का सफर तय कर सुरक्षित अपने घर की ओर लौट रहे थे, लेकिन घर पहुंचने से कुछ ही दूरी पहले हुए हादसे ने परिवार की खुशियां मातम में बदल दीं।

निमाई महतो की मौत की खबर मिलते ही साहेरबेड़ा गांव में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और फरार अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।

Share This Article