बहड़ाडीह में भुमिज समाज की बैठक, पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को सुदृढ़ करने के लिए पदाधिकारियों का मनोनयन

चांडिल, 10 मार्च : चांडिल प्रखंड अंतर्गत रूदिया पंचायत के भुमिज बहुल गांव बहड़ाडीह में मंगलवार को भुमिज समुदाय की पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को पुनः सुदृढ़ एवं सुव्यवस्थित करने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। यह बैठक शिवचरण सिंह सरदार की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई, जिसमें समाज की रूढ़ि-प्रथा और परंपराओं का पालन करते हुए विभिन्न पारंपरिक पदों के लिए मनोनयन किया गया।
बैठक में सर्वसम्मति से हातु सरदार के रूप में शिवचरण सिंह सरदार को मनोनीत किया गया। वहीं नाया (लाया) के पद पर भगिरथ सिंह सरदार को जिम्मेदारी सौंपी गई। इसके अलावा देवरी पद के लिए फतु सिंह सरदार, चक्रधर सिंह सरदार एवं सरावन सिंह सरदार का चयन किया गया।
इसी प्रकार डाकुआ के रूप में अंगद सिंह सरदार और रंगलाल सिंह सरदार को जिम्मेदारी दी गई। वहीं शासन/हाढ़शाली जागुवाड़ी के पद पर कृष्ण सिंह सरदार, रसराज सिंह सरदार एवं करमु सिंह सरदार को मनोनीत किया गया।
बैठक के दौरान संगठन की ओर से सभी भुमिज गांवों के अगुवाओं से अपील की गई कि वे अपने-अपने क्षेत्रों में पारंपरिक रूढ़ि-प्रथा आधारित स्वशासन व्यवस्था को सुदृढ़ और संगठित बनाने के लिए सक्रिय भूमिका निभाएं। संगठन की ओर से इस दिशा में हर संभव सहयोग देने का आश्वासन भी दिया गया।
इस अवसर पर संगठन की ओर से रविन्द्र सरदार, सुषेन सिंह सरदार, जय सिंह सरदार और रविन्द्र नाथ सिंह उपस्थित रहे। वहीं, गांव की ओर से जलन सिंह, गणपति सिंह, अंगद सिंह, लाल सिंह, भीम सिंह, करमु सिंह, उषा रानी सिंह, भाग्यवती सिंह, कुंजो देवी, शुकंतला सिंह, चंचला सिंह, गीता रानी सिंह, टुसु सिंह, मिठु सिंह, विरला सिंह, राधी सिंह, बिजली सिंह और सुशीला सिंह समेत बड़ी संख्या में भुमिज समाज के लोग मौजूद थे।
बैठक में समाज की एकता, परंपराओं के संरक्षण और पारंपरिक स्वशासन व्यवस्था को मजबूत बनाने पर विशेष जोर दिया गया।



