खेल-खेल में दो वर्षीय बच्ची ने पकड़ लिया जहरीला करैत सांप, हालत गंभीर, रिम्स में भर्ती

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

खेल-खेल में दो वर्षीय बच्ची ने पकड़ लिया जहरीला करैत सांप, हालत गंभीर, रिम्स में भर्ती

रांची, 01 जुलाई : रांची जिले के सिल्ली थाना क्षेत्र स्थित कोकालग्राम गांव में एक हैरान कर देने वाली घटना सामने आई है। यहां महज दो वर्ष की एक मासूम बच्ची ने खेल-खेल में घर में घुसे एक जहरीले करैत सांप को पकड़ लिया। घटना के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत बिगड़ने लगी, जिसके बाद उसे गंभीर हालत में रिम्स रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, कोकालग्राम निवासी संजय महतो की दो वर्षीय पुत्री मंगलवार को अपने घर के आंगन में खेल रही थी। इसी दौरान एक जहरीला करैत सांप घर में घुस आया। मासूम बच्ची ने अनजाने में सांप को खिलौना समझकर उसे पकड़ लिया और उसके साथ खेलने लगी।

इसी बीच बच्ची की मां की नजर उस पर पड़ी। बच्ची के हाथ में जहरीला सांप देखकर उनके होश उड़ गए। उन्होंने शोर मचाकर परिवार के अन्य सदस्यों को बुलाया। परिजनों ने तुरंत बच्ची के हाथ से सांप को छुड़ाया और उसे एक घड़े में बंद कर दिया।

घटना के कुछ ही देर बाद बच्ची की तबीयत अचानक बिगड़ने लगी और वह बेहोश हो गई। परिजन उसे तत्काल सिल्ली अस्पताल लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रांची के रिम्स रेफर कर दिया।

फिलहाल रिम्स में बच्ची का इलाज जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद पूरे गांव में दहशत का माहौल है। चिकित्सकों ने लोगों से अपील की है कि बरसात के मौसम में घरों और आसपास जहरीले सांपों की मौजूदगी को लेकर विशेष सतर्कता बरतें तथा ऐसी किसी भी घटना में बिना देरी किए मरीज को अस्पताल पहुंचाएं।

Share This Article