जमीन विवाद ने ली एक और जान – नीमडीह में बड़े भाई ने छोटे भाई की पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या की, खुद थाने पहुंचकर किया सरेंडर
नीमडीह, 01 जुलाई : सरायकेला-खरसावां जिले के नीमडीह थाना क्षेत्र के तनकोचा गांव में जमीन विवाद ने एक महिला की जान ले ली। खेत की हिस्सेदारी को लेकर दो सगे भाइयों के बीच लंबे समय से चल रहे विवाद ने मंगलवार शाम हिंसक रूप ले लिया, जब बड़े भाई ने अपने छोटे भाई की पत्नी की कुल्हाड़ी से वार कर हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपी खून से सनी कुल्हाड़ी लेकर सीधे नीमडीह थाना पहुंचा और पुलिस के समक्ष अपना अपराध स्वीकार कर लिया।
जानकारी के अनुसार, तनकोचा गांव निवासी राजू मांझी और उसके छोटे भाई बुधराम मांझी के बीच पैतृक जमीन को लेकर विवाद चल रहा था। मंगलवार शाम इसी विवाद को लेकर दोनों परिवारों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो देखते ही देखते खूनी संघर्ष में बदल गई। गुस्से में आकर राजू मांझी ने अपने छोटे भाई की पत्नी बाहा मार्डी (30 वर्ष) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। गले पर हुए गहरे वार के कारण महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
घटना के बाद पूरे गांव में दहशत और सनसनी फैल गई। महिला का शव खून से लथपथ हालत में घटनास्थल पर पड़ा रहा, जबकि आरोपी हथियार लेकर सीधे नीमडीह थाना पहुंच गया। उसने पुलिस को पूरी घटना की जानकारी देते हुए बताया कि उसके हिस्से की जमीन पर उसका छोटा भाई खेती कर रहा था, जिससे वह नाराज था।
मृतका के पति बुधराम मांझी ने अपने बड़े भाई राजू मांझी के खिलाफ हत्या की प्राथमिकी दर्ज कराई है। बताया गया कि दोनों भाइयों के माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है और जमीन को लेकर दोनों के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।
नीमडीह थाना प्रभारी दिलशन बिरुवा ने बताया कि जमीन विवाद में बड़े भाई द्वारा छोटे भाई की पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर हत्या में प्रयुक्त कुल्हाड़ी जब्त कर ली है। मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है तथा बुधवार को शव को पोस्टमार्टम के लिए सरायकेला सदर अस्पताल भेज दिया गया। पुलिस पूरे मामले की विस्तृत जांच कर रही है।