शराब पार्टी में चली गोली, दोस्त की मौत – अस्पताल पहुंचाने वाला ही निकला आरोपी

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

जमशेदपुर, 17 जून : उलीडीह थाना क्षेत्र की खड़िया बस्ती में शराब पार्टी के दौरान हुई गोलीबारी में गंभीर रूप से घायल युवक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मृतक की पहचान सरायकेला-खरसावां जिले के राजनगर निवासी देवदास गौड़ के रूप में हुई है। मामले में पुलिस जांच के दौरान चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि घायल को अस्पताल पहुंचाने वाला उसका साथी ही गोलीकांड का मुख्य आरोपी निकला।

जानकारी के अनुसार, मंगलवार रात देवदास गौड़ अपने साथी देवाशीष और नीरज प्रधान के साथ खड़िया बस्ती में शराब पार्टी कर रहा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर देवाशीष और देवदास के बीच विवाद हो गया। आरोप है कि विवाद बढ़ने पर देवाशीष ने देसी कट्टे से देवदास पर गोली चला दी। गोली उसके गले के पास लगी और आर-पार हो गई, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

घटना के बाद देवाशीष और नीरज प्रधान घायल देवदास को थार वाहन से एमजीएम अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराने के बाद वहां से चले गए। बाद में दोनों आरआईटी थाना के एएसआई पंकज कुमार के साथ फिर अस्पताल पहुंचे। सूचना मिलने पर पुलिस ने तीनों से पूछताछ की, लेकिन उनके बयानों में विरोधाभास मिलने पर संदेह गहरा गया।

पुलिस ने देवाशीष, नीरज प्रधान और एएसआई पंकज कुमार को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की। पुलिसिया सूत्रों के मुताबिक, सख्ती से पूछताछ करने पर देवाशीष ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इसके बाद उसकी निशानदेही पर पुलिस घटनास्थल पहुंची, जहां से चार ग्लास, खून के निशान तथा घटना में प्रयुक्त देसी कट्टा बरामद किया गया।

प्रारंभ में घटना को बालीगुमा क्षेत्र का बताया जा रहा था, लेकिन जांच में स्पष्ट हुआ कि वारदात उलीडीह थाना क्षेत्र की खड़िया बस्ती में हुई थी। पुलिस अब घटना से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है।

इधर, परिजनों ने बताया कि देवदास मंगलवार शाम घर से निकला था और रात तक लौटने की बात कही थी। बुधवार तड़के पुलिस से सूचना मिलने पर उन्हें घटना की जानकारी मिली। फिलहाल शव को पोस्टमार्टम के लिए एमजीएम अस्पताल के शवगृह में रखा गया है। पुलिस मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।

Share This Article