छोटा गोविंदपुर में गणेश चतुर्थी की तैयारियां शुरू, तीनतल्ला बॉयज कमेटी ने किया भूमि पूजन

MANBHUM UPDATES
3 Min Read

पूजा स्थल पर ही तैयार होगी गणेश प्रतिमा, भव्य पंडाल के लिए बंगाल से आएंगे कारीगर

जमशेदपुर, 20 अगस्त : छोटा गोविंदपुर स्थित एलआईजी ग्राउंड में आगामी गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर तीनतल्ला बॉयज कमेटी की ओर से विधिवत भूमि पूजन किया गया। मंत्रोच्चार और धार्मिक विधि-विधान के साथ आयोजित भूमि पूजन कार्यक्रम में धार्मिक न्यास बोर्ड, झारखंड सरकार के सदस्य जम्मी भास्कर, शिक्षक संजीव पॉल और युवा समाजसेवी शशि सिंह यजमान के रूप में शामिल हुए। पूजा-अर्चना में क्षेत्र के सामाजिक एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं के साथ कमेटी के सदस्यों ने हिस्सा लिया। भूमि पूजन के साथ ही गणेश चतुर्थी महोत्सव की तैयारियों का औपचारिक शुभारंभ हो गया।

कार्यक्रम में पूर्व स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता के राजनीतिक सलाहकार सह धार्मिक न्यास बोर्ड के सदस्य जम्मी भास्कर, भाजपा किसान मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य कमलेश सिंह, शिक्षक संजीव पॉल, राकेश सिंह एवं शशि सिंह समेत तीनतल्ला बॉयज कमेटी के सदस्य मौजूद रहे। पूजा के दौरान भगवान श्रीगणेश से क्षेत्र में सुख, शांति, समृद्धि और सभी के कल्याण की कामना की गई।

कमेटी के सदस्य एवं समाजसेवी शशि सिंह ने बताया कि इस वर्ष गणेश चतुर्थी महोत्सव को भव्य स्वरूप देने की तैयारी की जा रही है। उन्होंने बताया कि गणेश प्रतिमा का निर्माण पूजा स्थल पर ही कराया जाएगा। इससे प्रतिमा निर्माण की पूरी प्रक्रिया की निगरानी कमेटी के सदस्य स्वयं कर सकेंगे। वहीं, भव्य पंडाल के निर्माण के लिए बंगाल से कुशल कारीगरों को बुलाया जाएगा।

उन्होंने कहा कि गणेश चतुर्थी केवल धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि समाज को एकजुट करने और आपसी भाईचारे को मजबूत करने का अवसर भी है। आयोजन में समाज के सभी वर्गों की सहभागिता सुनिश्चित करने का प्रयास किया जाएगा। उन्होंने क्षेत्रवासियों से पूजा महोत्सव में बढ़-चढ़कर शामिल होने की अपील की।

कार्यक्रम में उपस्थित अतिथियों ने कहा कि धार्मिक आयोजन सामाजिक एकता और आपसी सद्भाव को मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। ऐसे आयोजनों में युवाओं की सक्रिय भागीदारी समाज के लिए सकारात्मक संदेश देती है। कमेटी की ओर से पूजा स्थल की सजावट, प्रतिमा निर्माण, पंडाल, विद्युत व्यवस्था, श्रद्धालुओं की सुविधा, प्रसाद वितरण समेत अन्य तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।

कमलेश सिंह और जम्मी भास्कर ने कमेटी के सदस्यों को गणेश चतुर्थी आयोजन के लिए शुभकामनाएं देते हुए कार्यक्रम को शांतिपूर्ण, अनुशासित और भव्य तरीके से आयोजित करने की अपील की। भूमि पूजन के साथ ही एलआईजी ग्राउंड में गणेश चतुर्थी महोत्सव को लेकर क्षेत्र में उत्साह का माहौल बन गया है। कमेटी के सदस्यों ने कहा कि इस वर्ष आयोजन को यादगार बनाने के लिए सामूहिक प्रयास किया जाएगा और अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित की जाएगी।

Share This Article