चिलगू ब्रिज और चांडिल गोलचक्कर पर बढ़ेंगी सड़क सुरक्षा की सुविधाएं, ब्लैक स्पॉट पर लगेंगी स्ट्रीट लाइट व साइनेज

MANBHUM UPDATES
4 Min Read

 

सरायकेला-खरसावां में सितंबर में 20 सड़क दुर्घटनाएं, 16 लोगों की मौत और 12 घायल – यातायात नियमों के उल्लंघन पर 16.65 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया

 

सरायकेला, 29 अक्टूबर : सरायकेला-खरसावां जिले में सड़क दुर्घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए प्रशासन ने चांडिल थाना क्षेत्र के टाटा – रांची नेशनल हाईवे पर स्थित चिलगू ब्रिज, चांडिल गोलचक्कर, नीमडीह थाना क्षेत्र के चांडिल – पुरुलिया नेशनल हाईवे पर जामडीह ओवरब्रिज समेत अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने का निर्देश दिया है। इन स्थानों पर जरूरत के अनुसार स्ट्रीट लाइट, हाईमास्ट लाइट, साइनेज बोर्ड और रंबल स्ट्रिप लगाए जाएंगे। साथ ही, जिले के चिह्नित 18 ब्लैक स्पॉट पर भी आवश्यक सुरक्षा उपाय सुनिश्चित किए जाएंगे।

गुरुवार को जिला दंडाधिकारी सह उपायुक्त नितिश कुमार सिंह की अध्यक्षता में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आयोजित जिला स्तरीय सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में ये निर्देश दिए गए। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की स्थिति, यातायात नियमों के अनुपालन तथा सड़क निर्माण और मरम्मत कार्यों की प्रगति की समीक्षा की गई।

सितंबर में 20 दुर्घटनाएं, 16 की मौत

बैठक में जिला परिवहन पदाधिकारी शंकराचार्य सामद ने सितंबर माह की रिपोर्ट प्रस्तुत की। इसके अनुसार, जिले में एक महीने के दौरान 20 सड़क दुर्घटनाएं हुईं, जिनमें 16 लोगों की मौत हो गई, जबकि 12 लोग घायल हुए। वहीं, यातायात नियमों के उल्लंघन के खिलाफ कार्रवाई करते हुए 16,65,550 रुपये का जुर्माना वसूला गया।

चिलगू ब्रिज और चांडिल गोलचक्कर पर विशेष ध्यान

बैठक में चिलगू ब्रिज, चांडिल गोलचक्कर और जामडीह ओवरब्रिज समेत अन्य दुर्घटना संभावित स्थलों पर सुरक्षा उपायों की समीक्षा की गई। संबंधित विभागों को इन स्थानों पर आवश्यकतानुसार प्रकाश व्यवस्था, चेतावनी संकेतक और रंबल स्ट्रिप लगाने का निर्देश दिया गया, ताकि वाहन चालकों को संभावित खतरों की जानकारी समय रहते मिल सके।

इसके अलावा, तीतीरबिला सड़क की मरम्मत शीघ्र पूरी करने तथा सरायकेला-कांड्रा-आदित्यपुर मार्ग पर निर्माण कार्य में तेजी लाने को कहा गया। JARDCL को आवश्यकतानुसार उपयुक्त स्थानों पर रंबल स्ट्रिप लगाने और राष्ट्रीय राजमार्ग से जुड़े लंबित कार्यों को जल्द पूरा करने का निर्देश दिया गया।

सड़क किनारे अतिक्रमण और अवैध पार्किंग पर कार्रवाई

बैठक में मुख्य सड़कों के किनारे अतिक्रमण कर संचालित चाय-नाश्ते की दुकानों और उनके आसपास अनधिकृत रूप से खड़े वाहनों से उत्पन्न यातायात संबंधी समस्याओं पर भी चर्चा हुई। संबंधित पदाधिकारियों को सड़क की जमीन पर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई करने और सड़क किनारे खड़े वाहनों को हटाने का निर्देश दिया गया।

वहीं, ओवरस्पीडिंग पर नियंत्रण के लिए निर्धारित गति सीमा से संबंधित साइनेज बोर्ड लगाने, सड़कों पर अनावश्यक कटिंग रोकने और नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ कार्रवाई करने को कहा गया।

नियमित वाहन जांच और पुलिस गश्ती के निर्देश

पुलिस अधीक्षक मनोज स्वर्गीयारी ने यातायात निरीक्षक और सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में नियमित एवं सघन वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। उन्होंने दुर्घटना संभावित क्षेत्रों में पुलिस गश्ती बढ़ाने तथा आम लोगों और वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने पर जोर दिया।

बैठक में संबंधित विभागों और कार्यकारी एजेंसियों को सड़क सुरक्षा उपायों की नियमित निगरानी करने तथा निर्माण एवं मरम्मत कार्यों को समय पर पूरा करने का निर्देश दिया गया।

Share This Article