
गुप्त सूचना पर भरनो के लेकोटोली में छापेमारी, बड़ी आपराधिक वारदात की साजिश रचने की मिली थी सूचना
गुमला, 29 अक्टूबर : गुमला पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कुख्यात अपराधी राजेंद्र यादव को गिरफ्तार किया है। उसकी गिरफ्तारी भरनो प्रखंड मुख्यालय स्थित लेकोटोली से की गई। बड़ी बात यह है कि पुलिस ने आरोपी के पास से एक AK-47 राइफल और एक कार्बाइन भी बरामद की है।
जानकारी के अनुसार, गुमला के पुलिस अधीक्षक को गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ अपराधी किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की और भरनो के लेकोटोली में छापेमारी कर राजेंद्र यादव को गिरफ्तार कर लिया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दोनों हथियार बरामद किए। फिलहाल पुलिस बरामद हथियारों की जांच करने के साथ ही आरोपी की आपराधिक गतिविधियों और मामले से जुड़े अन्य पहलुओं की पड़ताल कर रही है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस मामले में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
हथियारों की बरामदगी के बाद पुलिस की जांच तेज हो गई है। हालांकि, प्रस्तावित आपराधिक वारदात की प्रकृति और संभावित सहयोगियों के संबंध में विस्तृत जानकारी अभी सामने नहीं आई है।