जमशेदपुर : विशेष गहन पुनरीक्षण के लिए शहरी क्षेत्र के मतदान केंद्रों पर 26 एवं 27 जुलाई को लगेगा विशेष कैंप

MANBHUM UPDATES
2 Min Read

मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, जमा करने एवं डिजिटाइजेशन में मिलेगा सहयोग

जमशेदपुर, 24 जुलाई : भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार संचालित विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR)-2026 कार्यक्रम के तहत जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त राजीव रंजन के आदेशानुसार जिले के शहरी क्षेत्रों में मतदाता सूची के पुनरीक्षण कार्य में तेजी लाने के उद्देश्य से आगामी 26 एवं 27 जुलाई को विशेष कैंप आयोजित किए जाएंगे। गणना प्रपत्रों के संग्रहण एवं डिजिटाइजेशन कार्य को गति देने के लिए शहरी मतदान केंद्रों पर यह कैंप आयोजित किया जा रहा है।

विशेष कैंप पोटका विधानसभा क्षेत्र में जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत बूथ संख्या 1 से 104 तक, जुगसलाई विधानसभा क्षेत्र के जुगसलाई नगर परिषद अंतर्गत बूथ संख्या 156 से 203 तक तथा जमशेदपुर प्रखंड अंतर्गत 204 से 381 तक, वहीं जमशेदपुर पूर्वी और जमशेदपुर पश्चिमी विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत सभी मतदान केंद्रों पर विशेष कैम्प आयोजित होंगे।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी के आदेशानुसार कैंप के दौरान प्रतिदिन सुबह 10:00 बजे से शाम 4:00 बजे तक मतदाताओं को गणना प्रपत्र भरने, जमा करने तथा अन्य आवश्यक प्रक्रियाओं में सहयोग प्रदान किया जाएगा। विशेष कैंपों में संबंधित बीएलओ, बीएलओ सुपरवाइजर, स्वयंसेवक (Volunteers), स्वयं सहायता समूह (SHG) एवं सीआरपी (CRP) की प्रतिनियुक्ति की गई है, ताकि मतदाताओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। सभी गणना प्रपत्रों को मतदान केंद्रवार व्यवस्थित रखने तथा मतदाताओं को आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त ने सभी पात्र मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित मतदान केंद्र पर आयोजित विशेष कैंप में पहुंचकर गणना प्रपत्र से संबंधित प्रक्रिया पूर्ण करें तथा मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण कार्यक्रम को सफल बनाने में सक्रिय सहयोग दें।

Share This Article